प्रेमी से कोर्ट मैरिज करने वाली युवती को उसके परिवार के लोग कचहरी से घसीट कर ले जाने लगे। विरोध करने पर उसे मारा भी। यह देख अधिवक्ताओं ने विरोध किया। जिसके बाद भी लोग युवती को ले जाने पर आमादा थे। इस दौरान तमाशबीनों को दौड़ाकर पीटा गया। जिससे कचहरी में भगदड़ मच गई।
रानीगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले प्रेमी युगल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कोर्ट मैरिज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इस बात की भनक युवती के परिजनों को हो गई। वे लोग अपने अधिवक्ता के साथ कचहरी पहुंचे लेकिन तब तक कोर्ट मैरिज हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो युवती पक्ष के लोग उसे घसीटकर कचहरी से बाहर ले जाने लगे। यह देख लोग दंग रह गए।
कुछ अधिवक्ताओं ने विरोध किया। जिसके चलते लोग वह लोग उनसे भी तकरार करने लगे। युवती के परिजन उसे जबरन ले जाने की जिद कर रहे थे लेकिन दूसरे पक्ष के लोग मना कर रहे थे। इसे लेकर तमाशबीन लोगों के बीच मारपीट हो गई। बवाल होता देख लोगों को दौड़ाकर पीटा गया। हालांकि सीनियर वकीलों के हस्तक्षेप पर बवाल शांत हो सका। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद खामोशी से लौट गई।