अंतू में बैंक में डकैती व डबल मर्डर की घटना को अंजाम देकर फरार लुटेरों व हत्यारोपियों तक पुलिस 32 घंटे बाद भी नहीं पहुंच सकी। अफसरों ने लुटेरों व नामजद हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए पूरी ताकत लगा दी, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। 15 संदिग्धों को उठाकर पुलिस अलग-अलग थानों में पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार को अंतू थाना क्षेत्र में गोबरी स्थित ग्रामीण बैंक जगेशरगंज की शाखा में लाखों रुपये लूटकर भागने वाले शातिर लुटेरों की तलाश में हांफ रही जिले की पुलिस की धड़कन कुआं गांव में दंपति की हत्या ने और बढ़ा दी। लुटेरों की तलाश के साथ ही हत्या में नामजद आरोपियों के सुलतानपुर की ओर भागने की खबर के बाद कोहड़ौर व कंधई पुलिस माथापच्ची करने लगी। 32 घंटे बीतने के बाद भी न तो पुलिस के हाथ बैंक लुटेरे लगे और न ही दंपति की हत्या कर फरार आरोपी। कोहड़ौर, अंतू, नगर कोतवाली और कंधई में 15 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी तक पुलिस को कामयाबी नहीं मिल सकी है। केवल दावे ही किए जा रहे हैं कि जल्द ही लुटेरे और नामजद हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
अंतू थाना क्षेत्र के कुआं में दिनेश सिंह उर्फ जय सिंह व उसकी पत्नी प्रीतम सिंह की गोली मारकर हत्या करने के बाद पुलिस केवल दबिश देती रही। क्षेत्रीय लोगों की मानें तो अंधेरा होने के बाद अंतू पुलिस आरोपियों पर शिकंजा कसने के बजाय गिरफ्तारी के लिए सेटिंग का प्रयास करती रही। हत्यारोपियों से मेलमिलाप रखने वालों से पुलिसकर्मी बातचीत करते रहे। जबकि सभी आरोपी बोलेरो से पुलिस के सामने से भागे थे। उनकी लोकेशन भी सुलतानपुर सीमा तक मिली थी। इस बात की चर्चा जोरशोर से होती रही।