अवध विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक एएम अंसारी को प्रतापगढ़ के किसी व्यक्ति ने जानमाल की धमकी दी है। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। जिसके बाद परीक्षा नियंत्रक ने डीएम व एसएसपी को पत्र लिखकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। मंगलवार देर शाम परीक्षा नियंत्रक एएम अंसारी के मोबाइल फोन पर प्रतापगढ़ के किसी नीरज मिश्र नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को एक प्रतिष्ठित अखबार का पत्रकार बता प्रतापगढ़ के चिंतामणि लॉ कालेज का परीक्षा केंद्र पीबी कॉलेज से बदलकर सुल्तानपुर के गनपत सहाय पीजी कॉलेज करने का कारण जानना चाहा। इसके साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारी मांगी। सूत्रों के अनुसार जब परीक्षा नियंत्रक ने जानकारी देने से इंकार किया, तो कथित पत्रकार ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही और जानमाल की धमकी दी। इससे भयभीत परीक्षा नियंत्रक ने डीएम व एसएसपी को पत्र लिखकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने अंगरक्षक की भी मांग की है। इस बारे में परीक्षा नियंत्रक से संपर्क नहीं हो पाया। कुलसचिव डॉ. एसएल मौर्य ने धमकी के बाद उनकी ओर से डीएम व एसएसपी से शिकायत करने की पुष्टि की है।