वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर स्थित सेनापुर गांव के पास गुरुवार रात अंग्रेजी शराब लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे चालक व खलासी जख्मी हो गए। पुलिस ने अस्पताल भेजा। इस बीच कुछ ग्रामीण शराब लूटने के लिए पहुंच गए। पुलिस ने डंडा पटककर उन्हें भगाया।
मेरठ जनपद के सकरखेड़ थाना क्षेत्र के सिलौधी गांव निवासी चालक शमशाद (45) व खलासी मोनू (28) मेरठ से अंग्रेजी शराब लादकर मऊ और बलिया में जनपद पहुंचाने जा रहे थे। वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर रात पौने 11 बजे सेनापुर गांव के समीप सामने से आ रहे ट्रक से बचने के चक्कर में शमशाद ट्रक लेकर खड्ड में चला गया। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। आसपास के लोगों को इसकी भनक लगी तो वे चालक व परिचालक का इलाज कराने की जगह शराब लूटने में जुट गए।
चालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची फतनपुर पुलिस ने चालक व खलासी को अस्पताल भेजवाया। डंडा पटककर ग्रामीणों को भगाया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानी जाए तो आधे घंटे के अंदर चार पेटी से अधिक शराब वहां से गायब हो गई। इलाज कराने के बाद फतनपुर पुलिस ने चालक व खलासी के साथ ही दो सिपाहियों को ट्रक के पास बैठा दिया। सुबह आबकारी विभाग को इसकी जानकारी दी गई। आबकारी टीम मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में अंग्रेजी शराब वैध पाए जाने पर उसे दूसरे ट्रक पर लदवाकर मऊ व बलिया के लिए भेज दिया गया।