कटरामेदनीगंज/ मानधाता। एमआर की हत्या से आक्रोशित दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर विरोध जताया। बाजार में ही जाम लगाने के दौरान ग्रामीणों ने मानधाता पुलिस को खदेड़ लिया। बवाल की संभावना को देखते हुए कई थानों की फोर्स लेकर सीओ रानीगंज मौके पर पहुंचे। जाम की खबर मिलने पर मृतक एमआर के पिता भागकर बाजार पहुंचे और जाम समाप्त कराया। एसडीएम सदर ने सभी को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को पूरा कराया जाएगा। मानधाता थाने पहुंचकर एसपी ने बदमाशों को चिह्नित करने के बारे में जानकारी ली। मानधाता थाना क्षेत्र के हरचेतपुर निवासी एमआर बजरंग बहादुर सिंह (26) पुत्र सुरेंद्र सिंह की मंगलवार की शाम घर के करीब बाइक सवार तीन नकाबपोश लुटेरों ने हत्या कर नई बाइक लूट ली थी।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने बाजार के करीब स्थित कालेज में लगे सीसीटीवी कैमरे में नकाबपोश बदमाशों का हुलिया देखा। शहर के कई स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज खंगलवाया। बजरंग की हत्या के विरोध में बुधवार को दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखा। आक्रोशित ग्रामीण बाजार में ही जाम लगा दिया। जिससे मानधाता और कटरामेदनीगंज की ओर आने जाने वाला आवागमन ठप हो गया। इस बीच मानधाता पुलिस दिखी तो लोगों ने शोर शराबा करते हुए दौड़ा लिया। पुलिस ने भागकर अपनी जान बचाई। हालांकि बड़े बुजुर्गों ने सभी को शांत कराया। बवाल की आशंका को देखते हुए रानीगंज, नगर कोतवाली समेत अन्य थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।
सीओ रानीगंज रमेशचंद्र ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं था। लोग मृतक के भाई को सरकारी नौकरी, 35 लाख रुपये आर्थिक सहायता व सुरक्षा के लिए दो शस्त्र लाइसेंस देने की मांग कर रहे थे। एसडीएम सदर के सामने भी लोगों ने अपनी मांग रखी। एसडीएम सदर ने शस्त्र लाइसेंस और दस लाख रुपये की सरकारी मदद का भरोसा दिलाया। करीब दो घंटे तक चले जाम की खबर मिलने पर मृतक एमआर का पिता सुरेंद्र बाजार पहुंचा और खुद ही मेज, बेंच हटाना शुरू कर दिया। इसके बाद जाम समाप्त हो गया। परिवार के लोगों ने घर के करीब ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मानधाता पहुंचकर पुलिस अधीक्षक ने भी बदमाशों के बारे में पूछताछ की। एसपी ने बताया कि बदमाशों की तलाश में पुलिस लगी हुई है। हर पहलुओं पर छानबीन चल रही है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों को चिन्हित करने का प्रयास जारी है।