अधिवक्ता जवाहरलाल मिश्र की हत्या के बाद बवाल की आशंका में बुधवार को जिला प्रशासन अलर्ट रहा। कचहरी के चारों ओर भारी भरकम पुलिस बल लगाई गई थी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में फायरब्रिगेड के साथ पीएसी के जवान मुस्तैद रहे। अधिवक्ता की हत्या के बाद विरोध स्वरूप आंदोलन के दौरान बवाल की आशंका को देखते हुए आला अधिकारी खासे चौकन्ने थे। रात में ही आला अधिकारियों ने जनपद के आधा दर्जन से अधिक थानेदारों को बुधवार की सुबह पुलिस बल के साथ पहुंचने का आदेश दिया। कचहरी खुलने के पहले ही थानेदार अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंच गए थे। लोनिवि कार्यालय, ट्रेजरी चौराहा, पुलिस लाइन तिराहा, डीएम आवास के साथ ही अंबेडकर चौराहे पर भी पुलिस बल तैनात था। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी भारी भरकम पुलिस बल मुस्तैद था। इलाहाबाद से भेजी गई पीएसी डटी रही।