प्रतापगढ़-पट्टी मार्ग पर स्थित तेरहमील के पास सोमवार की सुबह स्कार्पियो की टक्कर से एक किशोर की मौत हो गई। उसके साथ रहा रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों साइकिल से भैंस खरीदने जा रहे थे। कंधई थाना क्षेत्र के बनी पट्टी निवासी विकास (13) पुत्र जयप्रकाश सोमवार की सुबह कंधई के पारा निवासी रिश्तेदार बरसाती (35) के साथ साइकिल से भैंस खरीदने जा रहा था। बताते हैं कि तेरहमील के पास दोनों सड़क पार कर रहे थे।
इस बीच पट्टी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पहुंचे स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। जबकि बरसाती का अभी इलाज चल रहा है। उधर, हादसे के बाद स्कार्पियो चालक फरार हो गया। हादसे की खबर मिलने पर रोत बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे और बगैर पोस्टमार्टम कराए ही शव लेकर घर चले गए।