कटरामेदनीगंज। बाल विकास विभाग की मुख्य सेविका से दिनदहाड़े बाइक सवार चार बदमाशों ने रुपये व कागजात से भरा बैग छीनकर भाग निकले। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची।
नगर कोतवाली क्षेत्र के रामजीपुरम निवासी ममता सिंह मानधाता ब्लाक में बाल विकास विभाग कार्यालय में बतौर मुख्य सेविका तैनात हैं। वह शनिवार को कार्यालय जाने के लिए घर से निकलीं। टेंपो चालक कटरा रोड खराब होने के कारण विकास भवन से वाहन सिटी प्रतापगढ़ रूट पर घुमा दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के ओझा का पुरवा चंद्रशेखर आजाद स्कूल के करीब टेंपो पहुंची तो दो अपाचे बाइक से चार बदमाश पहुंचे। बदमाश टेंपो पर किनारे बैठी ममता सिंह के हाथ से बैग छीनकर सिटी की ओर भाग निकले। यह देख वह दंग रह गईं। शोर मचाने पर चालक ने टेंपो रोक दिया। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। बैग में करीब चार हजार रुपये व जरूरी कागजात थे। पुलिस पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश में जुट गई। शहर कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
वहीं नगर कोतवाली के मीराभवन की रहने वाली शिक्षिका नीलम सिंह पत्नी बृजेश सिंह से घर के बाहर बदमाश चेन छीनकर भाग निकले थे। घटना की तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इससे आक्रोशित शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल शहर कोतवाल से मिला। शिक्षिका के साथ हुई लूट की घटना के बाद भी कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई। चेताया कि यदि मुकदमा दर्ज नहीं होता तो वे लोग प्रदर्शन को बाध्य होंगे। कोतवाल ने सभी को भरोसा दिया कि हर हाल में केस दर्ज होगा। बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।