बदायूं। जालसाजों ने युवक का एटीएम कार्ड बदलकर करीब 63 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित को इसकी जानकारी करीब एक घंटे बाद हुई जब उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये निकलने का संदेश पहुंचा। इसकी तहरीर थाना सिविल लाइंस में दे दी गई है।
कासंगज के पटियालागंज निवासी जावेद शुक्रवार दोपहर यहां इंद्रा चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से पांच हजार रुपये निकालने गए। जावेद के मुताबिक एटीएम में पहले से दो युवक खड़े थे। जावेद ने एटीएम मशीन में कार्ड लगाया, लेकिन रुपये नहीं निकले तभी युवकों ने मदद करने के बहाने एटीएम कार्ड मांगा। मशीन में लगाने के बहाने एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके करीब एक घंटे बाद जावेद के मोबाइल पर खाते से करीब 63 हजार रुपये निकलने के मोबाइल पर लागातार कई संदेश पहुंचे। तब उन्हें अपने खाते से रुपये निकलने का पता चल सका। जावेद ने एटीएम कार्ड ब्लॉक कराने के बाद घटना की तहरीर सिविल लाइंस थाने में दी है।