गजराही पीएचसी के पास युवक को मारी गोली
ससुराल से लौट रहा था, जिला अस्पताल रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
जेठवारा। जेठवारा थाना क्षेेत्र के गजराही पीएचसी के समीप बाइक सवार युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। एक गोली उसके बगल से निकल गई, जबकि दूसरी कमर में जाकर फंस गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फायर की आवाज पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीण उसे स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल भेज दिया।
बाघराय थाना क्षेत्र के कमासिन निवासी राहुल सरोज (26) पुत्र मदन सरोज रविवार को बाइक से ससुराल जेठवारा थाना के दूल्हेपुर निवासी चंद्रकेश के घर आया था। रात करीब सवा आठ बजे वह बाइक से घर के लिए निकला। नौबस्ता-शमशेरगंज मार्ग स्थित गजराही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप दो लोग पहले से खड़े थे। राहुल को देखते ही उस पर फायर करना शुरू कर दिया। एक गोली उसके बगल से निकल गई। दूसरी कमर में जा लगी। इससे वह बाइक लेकर गिर गया। फायर की आवाज पर आसपास के लोग उसके पास पहुंचे। उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।