आमने-सामने भिड़ीं बाइक, पूर्व प्रधान की मौत
कुंडा में खेमीपुर नहर के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। घर से सामान लेने के लिए कुंडा आ रहे पूर्व प्रधान की बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से उन्हें कुंडा सीएचसी भेजा। गंभीर रूप से घायल होने के कारण अस्पताल पहुंचते-पहुंचते उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में चीखपुकार मच गई।
कोतवाली क्षेत्र के ढिकुही गांव निवासी कमलेश तिवारी (62) पुत्र रामकृष्ण तिवारी पूर्व प्रधान थे। उनका बेटा विपिन तिवारी कुंडा में वकालत करता है। उन्होंने अपने एक वर्षीय नाती का बर्थडे मनाने के लिए घर पर रामचरित मानस पाठ की व्यवस्था की थी। बर्थडे शनिवार को था। रामचरित मानस पाठ शुरू करवाकर वह कुछ सामान के लिए बाइक से कुंडा आ रहे थे। रास्ते में खेमीपुर नहर के पास सामने से आ रहा बाइक सवार उनकी बाइक में टक्कर मारते हुए निकल गया। इससे वह बाइक से गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे आसपास के लोगों ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी कुंडा भेजा। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी अस्पताल में पहुंचते ही मौत हो गई। जानकारी पर थोड़ी देर में परिजन और पुलिस भी पहुंच गई। शव देख परिजन बिलखने लगे।
फोटो- 27
बच्चों को दी गई मतदान के बारे में जानकारी
कुंडा (ब्यूरो)। कालाकांकर विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय शैलवारा लाटतारा में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत संगोष्ठी का आयेाजन हुआ। इसमें बच्चों सहित शिक्षकों को मतदान करने के बारे में बताया गया। प्रधानाध्यापक डा.अवधेश शंखधर ने बच्चों को बताया कि वह अपने क्षेत्र के लोगों केा बताएं कि वह मतदान करें। मतदान स्वच्छ तरीके से करें। बिना किसी लालच और प्रभाव में आए मतदान करें। उन्होंने कहा कि मतदान पांच वर्ष में आने वाला ऐसा त्योहार है जो देश का भविष्य तय करता है। इस दौरान शैलेश कुमार गुप्ता, विमला सरोज, चंद्र प्रकाश तिवारी, प्रकाश चौहारी, अर्जुन प्रसाद, पारसनाथ, शिवाकांत पांडेय, गुलाबचंद्र, रंजीत मौर्य, चंद्रकेश आदि मौजूद रहे।
छात्र से कुकर्म के मामले में बीएसए ने प्रधानाध्यापक को किया निलंबित
स्कूल से शौच के लिए गया था बाहर
बाबागंज(ब्यूरो)। स्कूल से शौच के लिए गए छात्र के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में प्रधानाध्यापक को लापरवाह मानते हुए बीएसए ने निलंबित कर दिया है। महेशगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए बाहर गए विद्यालय में पढने वाले कक्षा चार के छात्र के साथ गांव के ही एक किशोर ने मंगलवार को दुष्कर्म किया था। इसमें पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की जानकारी होने पर बीएसए ने जांच टीम गठित कर दी। इसके साथ ही लापरवाही का दोषी पाए जाने पर प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। बीएसए अशोक सिंह ने बताया कि जांच में प्रधानाध्यापक की लापरवाही पाई गई है। उधर, आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया।
फोटो- 26
गांव के बाहर मिला गौवंश का कटा सिर, लोगों में आक्रोश
बाबागंज (ब्यूरो)। गांव के बाहर सडक़ पर ग्रामीणों ने गौवंश का कटा सिर देखा। इसकी सूचना पर भीड़ जुट गई। सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसे लेकर लोगों में आक्रोश दिखा। महेशगंज थाना क्षेत्र के माघी गांव के पास सुबह ग्रामीणों ने एक गौवंश का कटा सिर देखा। इसकी सूचना फैलते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई। दरअसल इस गांव में कई बार गौवंश कटने की सूचनाएं मिली हैं। इसके साथ ही कुछ लोग रंगे हाथ पकड़े भी गए हैं।
सेंध लगाकर चोरी का प्रयास
कुंडा(ब्यूरो)। मानिकपुर नगर के सभागंज चौराहे पर स्थित एक स्टूडियो में गुरुवार की रात चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया। हालांकि स्टूडियो में सो रहे दुकानदार की आंख खुल गई और उसने शोर मचा दिया। उसके शोर मचाने पर चोर वहां से भाग निकले।