मुंबई में फुट ओवरब्रिज गिरने से घायल बेटे की मौत, पिता गंभीर
पट्टी(ब्यूरो)। मुंबई के सीएसटी रेलवे स्टेशन का फुट ओवरब्रिज गिरने की घटना में आसपुर देवसरा इलाके के सैफाबाद निवासी एक युवक की भी मौत हो गई, जबकि साथ में रहे उसके पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज चल रहा है। इसकी सूचना गांव पहुंचने पर ग्रामीण उसके दरवाजे पर संवेदना जताने पहुंचे। सैफाबाद बाजार से सटे धनसार गांव निवासी जाहिद (35) पुत्र सिराज अपने परिवार समेत मुंबई में रहकर बेल्ट बेचने का काम करता था। मुंबई में हुए हादसे के दौरान वह फुट ओवरब्रिज से पिता के साथ गुजर रहा था। हादसे में जाहिद के सिर में गहरी चोट आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई जबकि पिता सिराज का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने उसके दरवाजे पर पहुंचकर शोक जताया।
आठवें दिन 53292 उत्तरपुस्तिकाओं का हुआ मूल्यांकन
प्रतापगढ़। उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के आठवें दिन चारों केंद्रों पर कुल 53292 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। परीक्षा विभाग के अनुसार केपी इंटर कालेज में 11023, जीआईसी में 10225, तिलक इंटर कालेज में 13065 व पीबी इंटर कालेज में 18979 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ।
गलाघोंटू से चार मवेशी मरे
पट्टी (ब्यूरो) विकास खंड पट्टी के परसनी गांव में पखवारे भर के भीतर ही फिर चार मवेशी गलाघोंटू रोग से दम तोड़ गए। जबकि इसके पूर्व दर्जनों मवेशियों की मौत पर पशु चिकित्सालय की टीम ने पहुंचकर टीकाकरण किया था।
सीएचसी में एंटी रैबीज वैक्सीन नहीं, मरीज परेशान
पट्टी (ब्यूरो)। सीएचसी पट्टी में एंटी रैबीज वैक्सीन न होने से मरीज परेशान हैं। पखवारे भर से यह समस्या बनी हुई है। शुक्रवार को सीएचसी पट्टी में पहुंचे लालजी, मुख्तार गुप्ता, अनिल कुमार, आदि मरीज भटकते रहे।