पूरे साल हाजिरी फुल, परीक्षा के दौरान बच्चे हो गए गुल
पूरे साल 90 प्रतिशत हाजिरी दिखाकर निकाला गया एमडीएम का पैसा
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। विद्यालय में बच्चों का नामांकन तो अधिक रहता है और एमडीएम भी खूब कागज पर बनता है। बावजूद इसके जब परीक्षा होती है तो बच्चों की संख्या इसकी पोल खोल जाती है। कुछ ऐसी ही बानगी बाबागंज विकास खंड के सलेमपुर ददौरा में देखने को मिली।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय सलेमपुर ददौरा में 104 बच्चों का नामांकन है। यहां तीन अनुदेशक और दो सहायक अध्यापक के साथ एक प्रधानाध्यापक हैं। विद्यालय में सोमवार को परीक्षा हो रही थी। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए महज 8 बच्चे आए थे। 8 बच्चों को उपस्थित करने के बाद बाकी बच्चों को अनुपस्थित न करके जगह छोड़ दी गई थी। यही एक दिन था जब बच्चों की संख्या रजिस्टर पर कम देखने को मिली। इसके पहले शनिवार यानी 23 मार्च को भी परीक्षा थी, लेकिन बच्चे भारी संख्या में रजिस्टर पर आए और परीक्षा देने के साथ ही एमडीएम भी खाकर गए। एकाएक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान यह बड़े उतार चढ़ाव आश्चर्य चकित करने वाला था। इस बारे में रसोइया से हर दिन बनने वाले भोजन के बारे में पूछताछ की गई तो वह कुछ भी बताने से बचती रही। काफी पूछने के बाद भी उसने कुछ नहीं कहा। इसी विद्यालय के बारे में ग्रामीणों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इसमें बच्चे तो कभी दिखते नहीं थे। दो चार बच्चे कभी-कभी विद्यालय में आते दिखते हैं। इसके अलावा अन्य बच्चे निजी विद्यालयों में पढ़ाई करने जाते हैं। फिलहाल इस गड़बड़ी के बारे में एबीएसए बाबागंज से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद रहा।
फोटो- 22
कस्बे में हुई वॉल राइटिंग उड़ा रही आचार संहिता का मखौल
प्रशासन की नहीं पड़ रही नजर, कई अन्य जगह बोर्ड पर भी नहीं दिया जा रहा ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। चुनाव आचार संहिता एक पखवारे पूर्व से लागू हो गई है। शुरुआत में पुलिस और प्रशासन ने होर्डिंग पर खूब जोर दिया, लेकिन बाद में इस पर से उनका ध्यान हट गया। अभी भी क्षेत्र में हुई वॉल राइटिंग और होर्डिंग से पूरी तरह से निजात नहीं मिली है। फिर भी प्रशासन इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। कस्बे में कोतवाली के बगल ही हुई वॉल राइटिंग पर उसका ध्यान नहीं गया। हालांकि अभी गलियों और मोहल्ले में भी होर्डिंग लगी है। बावजूद इसके इस पर कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है।
नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर 30 मार्च को
कुंडा (ब्यूरो)। गुरुकृपा स्वास्थ्य जागरूकता सेवा समिति के तत्वावधान में 30 मार्च को 11 बजे से तीन बजे तक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन रोडवेज बस अड्डे में किया जाएगा। इसमें त्वचा एवं गुप्त रोग विशेषज्ञ डा.मयंक सिंह, न्यूरो चढिकित्सक दिल्ली डा.गुलाब सोनी, पेटरोग, थायराइड, हृदय रोग विशेषज्ञ डा.मनीष द्विवेदी, नाक, कान गला विशेषज्ञ डा.एसके सिंह सहित कई चिकित्सक शामिल होकर लोगों का स्वास्थ्य जांचेंगे। यह जानकारी व्यवस्थापक भूतपूर्व सैनिक श्रीराम मिश्र ने दी।
फोटो- 20
मतदाता जागरूकता के लिए छात्राओं ने निकाली रैली
बाबागंज (ब्यूरो)। बाबागंज विकास क्षेत्र के बीआरसी केंद्र बहोरिकपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के छात्राओं और प्राथमिक विद्यालय बहोरिकपुर के छात्र, छात्राओं ने मंगलवार को सुबह मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली में शामिल बच्चों ने ग्रामीणों को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए जागरूक किया। रैली में शामिल बच्चों ने लक्ष्मणपुर, बहोरिकपुर, बलीपुर आदि मोहल्लों का भ्रमण कर ग्रामीणों को मतदान के फायदे गिनाए। इसके पूर्व रैली को खंड शिक्षा अधिकारी सीमा गौतम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान ग्राम प्रधान लालजी सरोज, प्रभाकर नाथ पांडेय, अध्यक्ष अरुणपति त्रिपाठी, जयप्रकाश सिंह, राजेश पांडेय, पंकज सिंह, हरीचंद शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
चोरी का आरोपी गिरफ्तार
बाबागंज(ब्यूरो)। महेशगंज थाने के एसआई सुरेश चौहान ने मुखबिर की सूचना पर जया का पुरवा मोड़ के पास से मोनू कुमार पुत्र जगत नारायण निवासी राय असकरनपुर को हिरासत में ले लिया। मोनू करीब 1 माह पूर्व अठैसा निवासी संतोष शुक्ला के यहां चोरी की घटना में आरोपी था। उसकी निशान देही पर पुलिस ने उसके पास से 1040 रुपये भी बरामद किए हैं।
फोटो- 21
संदिग्धों से पूछताछ पर पुलिस पार्टी पर झोंका फायर
देशी रायफल, तमंचे संग पिता-पुत्र को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
बाबागंज। संदिग्धों से पूछताछ के दौरान पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया गया। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी भागने लगे। इस पर पुलिस दौड़ाकर दो लोगों केा पकड़ लिया। उनके पास से एक देशी रायफल और तमंचा बरामद हुआ। इस दौरान दो लोग भागने में सफल रहे।
महेशगंज थाने के एसआई महेश जायसवाल सोमवार की रात ममईपुर गांव की तरफ गश्त के लिए गए थे। बघवाइत नहर पुलिया मोड़ पर उन्हें कुछ संदिग्ध लोग खड़े दिखे। पुलिस ने पूछताछ करने का प्रयास किया तो एक युवक ने फायर झोंक दिया। पुलिस ने दौड़ाया तो आरोपी भागने लगे। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए दो और लोगों को दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो लोग भाग निकले। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विनोद कुमार मिश्र पुत्र रामचंद्र मिश्र और विनय कुमार मिश्र पुत्र विनोद कुमार मिश्र निवासी ममईपुर थाना महेशगंज के रूप में हुई। दोनों के पास से पुलिस ने एक देशी राइफल और तमंचा बरामद किया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह किसी वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा लिखकर जेल भेज दिया। उधर, एक अन्य घटना में पुलिस ने सांभरपुर नारियावां निवासी मुकेश सरोज पुत्र महेश को भैसाना मोड़ से एक तंमचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
थाने में पीस कमेटी की बैठक
परियावां (ब्यूरो)। नवाबगंज थाने में सोमवार को सर्किल क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और व्यापारियों की एक बैठक हुई। इसमें लोगों केा बताया गया कि यदि उन्हें किसी तरह की समस्या होती है तो वह इसकी जानकारी पुलिस को दें। इस दौरान लोगों को आचार संहिता के बारे में भी जानकारी दी गई। कहा गया कि कोई भी दबंग व्यक्ति किसी को प्रताड़ित करता है तो बेहिचक इसकी शिकायत करें। शिकायत करने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इस दौरान बबन तिवारी, मुस्तक़ीम अहमद, तालुकदार सिंह प्रधान, कमलेश कुमार, राजू गुप्ता, सोम सोनी, मिश्रीलाल विश्वकर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
पुलिस ने 48 लोगों को किया पाबंद
परियावां (ब्यूरो)। नवाबगंज पुलिस ने मोहम्दाबाद कालाकांकर गांव के 48 लोगों को पाबंद किया है। पुलिस ने ग्रामीणों को नोटिस दिया तो उनमें आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ही कुछ पुलिस के चमचो ने परेशान करने के लिए फर्जी लोगों का नाम डलवा दिया है। इसमें कुछ ऐसे लोगों का नाम है जो इलाहाबाद में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत मंडलायुक्त से करने की बात कही है। जानकारी करने पर एसआई ने बताया कि चुनाव बाद पुलिस कारवाई खत्म हो जाएगी। इसके पहले जमानत कराना आवश्यक है।
शिक्षक कभी रिटायर नहीं होता
प्राथमिक विद्यालय पवांसी में हुआ शिक्षकों का सम्मान
अमर उजाला ब्यूरो
बाघराय। शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। शिक्षक जीवन भर छात्र-छात्राओं में शिक्षा रूपी प्रकाश फैलाने का कार्य करता है। वह अपने को कभी सेवानिवृत्त न समझ कर विद्यालयों में आएं। उनके अनुभवों के माध्यम से भावी पीढ़ी को दिशा मिलती रहनी चाहिए। यह बातें प्राथमिक विद्यालय पवांसी में समन्वयक चंद्रभूषण त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष राजबहादुर शुक्ला, प्रधानाध्यापक जफरुद्दीन के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने सम्माऊिनत करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि आज शिक्षकों का सम्मान ब्लाक स्तर से प्रारंभ होकर न्याय पंचायत स्तर व ग्राम स्तर पर हो रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता बनवारी लाल दुबे व संचालन बालेंदु भूषण शुक्ला ने किया। संयोजक प्रधानाध्यापक शशिकांत मिश्रा ने आए हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रधान दिनेश जायसवाल, अमरनाथ मिश्रा, बद्री विशाल मिश्रा, माता प्रसाद मिश्रा, बबलू मिश्रा, मानवेंद्र द्विवेदी, रामराज यादव, शिवम मिश्रा, राजीव सिंह, कृष्णाकांत मिश्र, प्रेमचंद यादव, राम कैलाश यादव, खुशबू, पूजा मिश्रा, आसाराम, रामेश्वर केसरवानी आदि मौजूद रहे।
टाइनी शाखा संचालकों को दी गई हिदायत
बाबागंज/बाघराय(ब्यूरो)। जनपद में लगातार हो रही टाइनी शाखाओं पर लूट को लेकर बाघराय एसओ ने बाघराय, भिटारा, कमासिन, शकरदहा, आजाद नगर, बिहार, भाव, साहू की चरही सहित कई स्थानों पर टाइनी शाखा का निरीक्षण किया। इसके साथ ही संचालकों को अविलंब केबिन व जलीयुक्त कैश काउंटर बनवा कर ग्राहकों से लेनदेन करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही वाहनों की चेकिंग की गई। उधर महेशगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को क्षेत्र के टाइनी बैंक संचालकों के संग मीटिंग करते हुए संचालकों को समूह में बैंक आने-जाने की बात कही। साथ ही बड़े लेन-देन की जानकारी थाने में देने की बात कही। सभी टाइनी बैंको में सीसीटीवी कैमरा और लोहे की ग्रिल लगवाने का भी निर्देश दिया।