विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर चले ईंट-पत्थर
फायरिंग व पथराव देख असहाय खड़ी रही फोर्स
छप्पर में लगाई आग, दोनों पक्षों से चार लोग घायल
अमर उजाला ब्यूरो
रानीगंज। विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले। फायरिंग व पथराव को देखते हुए फोर्स काफी देर तक असहाय खड़ी रही। थाने की फोर्स पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने मारपीट करने वालों को दौड़ाया। हालांकि तब तक छप्पर को आग लगा दी गई थी। पुलिस छह लोगों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के कहला निवासी कल्पनाथ यादव और गौरीशंकर मिश्र के बीच जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार दोपहर विवादित जमीन पर गौरीशंकर जेसीबी लगाकर खुदाई कराने लगे। जिसका कल्पनाथ यादव पक्ष के लोगों ने विरोध किया। इसके बाद उनके बीच मारपीट होने लगी। दोनों ओर से पथराव के साथ ही फायरिंग होने लगी। सूचना मिलने पर डायल 100 के दो वाहन फोर्स के साथ पहुंचे लेकिन पथराव व फायरिंग होती देख वह लोग दूर ही खड़े रहे। पुलिस के देखते ही देखते ही लोगों ने छप्पर को आग लगा दिया। थोड़ी देर में थाने से फोर्स पहुंचने के बाद पुलिस ने मारपीट कर रहे लोगों को दौड़ाया। मारपीट में कल्पनाथ यादव (40) व दूसरे पक्ष से संतोष कुमार (32), सर्वेश कुमार (28) और उमाशंकर (35) घायल हो गए थे। जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। दोनों पक्ष से छह लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस वापस लौट गई। इस मामले में कल्पनाथ यादव की ओर से 17 नामजद व गौरीशंकर पक्ष की ओर से 14 लोगों के खिलाफ मारपीट, फायरिंग व आगजनी की तहरीर दी गई है। प्रभारी थानाध्यक्ष रानीगंज ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अराजकतत्वों से व्यापारी परेशान
रखहा। बाजारों में अराजकतत्वों से व्यापारी परेशान हो उठे हैं। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल शीतलागंज इकाई के व्यापारियों ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए कहा कि शीतलागंज चौराहे पर महीनों से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों का जमावड़ा रहता है। शिकायत के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, कोषाध्यक्ष रंाजेश कुुमार जायसवाल, उपाध्यक्ष राजू ऊमरवैश्य, छेदीलाल गुप्ता, पन्नालाल, लालता प्रसाद सोनी, विनोद जायसवाल, अमृतलाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
सात माह के बाद किशोरी बरामद
रखहा। सात माह पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया है। कंधई थाना क्षेत्र से सात माह पूर्व गांव के ही एक युवक के साथ फरार हुई किशोरी को कंधई पुलिस ने गुरुवार की रात बरामद कर लिया। उसे मेडिकल के लिए भेजा गया है।
मेला देखने आईं महिलाओं से छेड़खानी
विरोध करने पर जमकर मारपीट, सात लोग घायल
मेले में नौटंकी देखने आए थे दूसरे गांव के लोग
अमर उजाला ब्यूरो
संडवाचंद्रिका। मेला में नौटंकी देखने आए लोगों ने महिलाओं के साथ छेड़खानी की। जिसे लेकर लोग भड़क गए और जमकर मारपीट हुई। इससे मेले में भगदड़ मच गई। मारपीट में सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने पहुंचकर हालात को काबू में किया है। गुरुवार की रात महुआए से कई महिलाएं मेला देखने आईं थीं। कपासी गांव के कुछ लड़के महिलाओं से छेड़खानी व धक्का-मुक्की करने लगे। महिलाओं ने अपने परिवार के लोगों को मामले की जानकारी दी। महिलाओं के साथ ही परिवार के लोगों ने मनचलों का विरोध किया। जिसे लेकर विवाद होने लगा। इस बीच पड़ोसी गांव के युवकों की संख्या बढ़ गई। दोनों ओर से मारपीट होने लगी। मारपीट में संजय (35), अजय (25) निवासी महुआए और दो अन्य अज्ञात युवक को चोटें आईं। दूसरे पक्ष से प्रमोद (18) और सुरेश (22) निवासी कपासी घायल हो गए। ग्रामीणों के हस्तक्षेप पर विवाद शांत हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मारपीट कर रहे लोगों को शांत कराया। संजय ने पुलिस को कपासी गांव के प्रमोद यादव सहित छह अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी। दूसरे पक्ष से भी पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।