फोटो-
बोलेरो सवार को किया अधमरा, मोबाइल और चेन लूटी
ढाबा संचालकर पर आरोप, पुलिस को दी तहरीर
पट्टी (ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र के बंधवा बाजार में बोलेरो सवार युवक की ढाबा संचालक ने जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि मोबाइल, अंगूठी, चेन आदि लूटने के बाद उसे खेत में फेंक दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
उधर, ढाबा संचालक का आरोप है कि बोलेरो चालक और उसके साथ रहे लोग नशे में थे और हंगामा कर रहे थे। विरोध करने पर मारपीट की।
जौनपुर के बदलापुर थाना क्षेत्र के पूरा बरई गांव निवासी रवींद्र सिंह का आरोप है कि उसका भाई सुरेंद्र एक बारात में बोलेरो लेकर आया था। वह बंधवा बाजार में ढाबे पर खाना खाने पहुंचा, जहां झूठा पानी गिरने पर विवाद हो गया। आरोप है कि ढाबा संचालक व उसके सहयोगियों ने उसके भाई व साथी पर लाठी-डंडे से हमला कर मरणासन्न कर खेत में फेंक दिया।
अपराध नियंत्रण जागरूकता रैली पहुंची पट्टी
पट्टी(ब्यूरो)। जिले में बढ़ रहे अपराधों की घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद पांडेय ने अपराध नियंत्रण जागरूकता यात्रा निकाली थी। यह यात्रा नगर में भी पहुंची जहां स्थानीय नागरिकों को इस जागरूकता रैली के जरिए जागरूक करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि जब तक जनता अपराध के प्रति जागरूक नहीं होगी अपराध रुकने वाला नहीं है। व्यापारी, ग्रामीण सभी एकजुटता दिखाकर अपराधियों से निपटने का प्रयास करें।
पांच दिन में एक कदम नहीं बढ़ सकी पुलिस
रामपुर बेला में दलित किसान को जिंदा जलाने का मामला
पट्टी(ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बेला गांव में दलित किसान के हाथ-पैर काटकर जिंदा जलाने की घटना में पांच दिन बाद भी पुलिस जहां की तहां है। अभी भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। मृतक के बिजनेस पार्टनर समेत साथियों से पूछताछ के बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा है।
रामपुर बेला गांव निवासी विनय प्रकाश की हत्या के मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद खुलासे में लग गई थी। पुलिस इस जघन्य हत्या के मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही थी। मृतक के बिजनेस पार्टनर के साथ उसके चार अन्य करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी।
गुरुवार की शाम क्षेत्राधिकारी पट्टी जिलाजीत चौधरी समेत पुलिस अफसरों ने सभी से बंद कमरे में पूछताछ की, लेकिन कुछ खास हासिल नहीं हो सका। कुल मिलाकर अब पुलिस की जांच सर्विलांस रिपोर्ट पर टिकी है। घटना के पांच दिन बीतने के बाद भी कोई सुराग न लगने पर पुलिस की किरकिरी हो रही है। पट्टी कोतवाल ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द खुलासा होगा।
इनसेट
पीड़ित परिवार को मिले 50 लाख रुपये की सहायता
प्रतापगढ़। पट्टी के बेलारामपुर गांव के विजय सरोज की निर्मम हत्या के विरोध में गुरुवार को डा. अंबेडकर राष्ट्रीय एकता मंच के प्रदेश प्रभारी राम सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की सहायता व नौकरी दिलाने की मांग की। पदाधिकारियों ने प्रदेश में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने की मांग की। प्रदेश प्रभारी राम सिंह ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला है। अपराधी खुलेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विनय सरोज के हत्यारोपियों को तत्काल गिरफतार कर जेल भेजा जाए। इस अवसर पर अमरनाथ, नाथूराम बौद्ध, अंजनी कुमार, बीके बघाडिया, विशाल, मनीलाल, राम आसरे, अखिलेश, राकेश, नितिन, नीरज, नटवरलाल आदि मौजूद रहे।
फोटो-
सदहा गांव में मिले युवक के शव की हुई शिनाख्त
बीए का छात्र था मृतक, सुल्तानपुर हास्टल से प्रेमिका से मिलने निकला था
पट्टी (ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र के सदहा गांव के समीप मिले अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक सुल्तानपुर जनपद के चांदा थाना क्षेत्र के फुलगार गांव निवासी बीए का छात्र था। वह घटना के दिन इलाके में अपनी अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए दोस्त के साथ बाइक से निकला था। पुलिस कंधई निवासी उसके साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बीते 31 मई को सदहा के दरिया गांव के समीप गेहूं के खेत में एक युवक का शव मिला था। मृतक की शिनाख्त उस समय नहीं हो सकी थी। सुल्तानपुर पुलिस को शैलेश तिवारी पुत्र शिवशंकर तिवारी के लापता होने की सूचना मिली। उसका शव पट्टी इलाके में मिलने की जानकारी हुई। परिजनों ने फोटो से उसकी शिनाख्त की। मृतक शैलेश बीए का छात्र था। वह सुल्तानुपर में हास्टल में रहकर पढ़ाई करता था। घटना के दिन वह अपने साथी सतीश पुत्र जिया लाल गौतम निवासी भरथीपुर कंधई के साथ बाइक से अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। पुलिस ने सतीश को हिरासत में ले लिया है। सतीश ने बताया कि शैलेश की मौत बाइक टंकी से टकराने से हुई थी। उसकी मौत पर वह भयवश उसे छोडक़र भाग निकला था। इससे पहले दोनों ने जमकर शराब पी थी। मृतक अपनी प्रेमिका से मिलने रात में आया था और लौटते समय हादसा हो गया। हालांकि पुलिस को उसकी कहानी पर यकीन नहीं हो रहा है। क्योंकि मृतक के शरीर पर चोटों के निशान कुछ और कहानी बयां कर रहे थे। सुलतानपुर पुलिस सतीश को लेकर लौट गई।