ट्रेनों में चोरी व लूट करने वाला अंर्तजनपदीय गिरोह हत्थे चढ़ा
अमेठी का हिस्ट्रीशीटर भी ट्रेनों में करता है चोरी
सात मोबाइल व लूटी गई सोने की चेन बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। ट्रेनों में चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाला अंर्तजनपदीय चोरों का गिरोह जीआरपी के हत्थे चढ़ गया। इनमें अमेठी का हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। बदमाशों के पास से चार मोबाइल व सोने की चेन बरामद हुई है। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसओ जीआरपी फूल सिंह ने गौरीगंज रेलवे स्टेशन के पास से ट्रेनों में लूट करने वाले अनिल कुमार साकेत निवासी मुल्हीपुर थाना बछरावां जनपद रायबरेली को दबोच लिया। उसके पास से यात्री से लूटी गई चेन बरामद हुई। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। दूसरी ओर जीआरपी ने ट्रेनों में चोरी करने वाले अंर्तजनपदीय चोर व अमेठी के हिस्ट्रीशीटर नूर मोहम्मद निवासी खटहा का पुरवा महुआरियन थाना फुरसतगंज अमेठी को दबोच लिया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने मंगलवार की रात रेलवे स्टेशन से ही चोर रवि सिंह पुत्र दिनेश सिंह निवासी बधुआ कला थाना कूड़ेभार जनपद सुलतानपुर और गुलाब हसन उर्फ मोनू पुत्र अनवर अली निवासी नरसिंहभान को दबोच लिया। तीनों के पास से यात्रियों से चुराए गए चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में सभी ने बताया कि वह अमेठी, गौरीगंज, कोहड़ौर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को नशीली दवा खिलाकर उनका सामान उड़ा देते हैं। नूर मोहम्मद के ऊपर पांच मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से चोरी की सोने की अंगूठी व चांदी का सिक्का बरामद हुआ। रवि के पास से 52 सौ रुपये व तीन मोबाइल मिला। गुलाब के पास भी मोबाइल मिला। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया। एसओ जीआरपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश शातिर चोर हैं। वह यात्रियों को जहरखुरानी का शिकार भी बनाते थे।
वसूली का आडियो वायरल होने पर एसओ पैदल
प्रतापगढ़। ओवरलोड मोरंग लदे वाहनों से वसूली करने व थाना क्षेत्र से सुरक्षित पास कराने का आडियो वायरल होने पर एसपी ने संग्रामगढ़ एसओ को पैदल कर दिया। मंगलवार को संग्रामगढ़ थानाध्यक्ष के कथित चालक व ट्रक मालिक के बीच हुई बातचीत का आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संग्रामगढ़ एसओ राकेश कुमार को पैदल करते हुए रिट सेल का प्रभारी बनाया। उनके स्थान पर रिट सेल से प्रवीण कुशवाहा को संग्रामगढ़ का एसओ बनाया है। एसपी की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।
स्वॉट टीम पर फायरिंग कर भाग निकले बदमाश
सूमो सवार पुलिसकर्मियों ने भी की फायरिंग, बाइक सवार तीन बदमाशों को पकड़ने पहुंची थी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। बदमाशों को पकड़ने के लिए रामलीला मैदान पहुंची स्वॉट टीम पर दिनदहाड़े फायरिंग कर बदमाश भाग निकले। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद स्वॉट टीम लौट गई। हालांकि स्वाट टीम प्रभारी फायरिंग से इनकार कर रहे हैं।
बुधवार दोपहर स्वॉट टीम को जानकारी मिली कि तीन बदमाश रामलीला मैदान के पास बाइक लेकर खड़े हैं। इस पर टीम बदमाशों को दबोचने के लिए भागकर पहुंची। स्वॉट टीम की सूमो देखकर बदमाश बाइक से भागने लगे। इस पर पुलिस ने पीछा कर लिया। लोगों की मानें तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए मलिन बस्ती की ओर भाग निकले। पीछा कर रही पुलिस ने भी उन पर जवाबी फायरिंग की, लेकिन वही भागने में कामयाब रहे। काफी देर तक पुलिसकर्मी उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। स्वॉट टीम प्रभारी ने बताया कि बदमाशों की सूचना पर टीम गई थी। बदमाश भाग निकले। फायरिंग की बात गलत है। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
सांड़ पकड़ने के दौरान अधिवक्ता की बाइक क्षतिग्रस्त, हंगामा
प्रतापगढ़। मंगलवार की रात आवारा सांड़ पकड़ने के दौरान अधिवक्ता की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। जिसे लेकर हंगामा होने लगा। हालांकि नगर पालिका की टीम ने नुकसान की भरपाई का भरोसा दिया। जिसके बाद मामला शांत हुआ। शहर के कंपनी गार्डेन के पास मंगलवार की रात नगर पालिका की टीम सांड़ पकड़ रही थी। इस दौरान पालिका के वाहन से एक अधिवक्ता की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। जिसे लेकर हंगामा होने लगा। हालांकि कुछ लोगों के हस्तक्षेप पर मामला शांत हो गया। बाइक में हुए नुकसान की भरपाई कराने का पालिका के कर्मचारियों ने अधिवक्ता को भरोसा दिया था। रात में दो सांड़ पकड़े गए। जिन्हे विश्वनाथगंज जंगल में छोड़ा गया।