विवादित भूमि पर खूंटा गाड़ने के विवाद को लेकर पड़ोसियों ने युवक को गोली मार दी। इससे पर जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। बीचबचाव करने के लिए गांव के लोग दौड़े तो हमलावरों ने इन पर भी फायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक करीब दस राउंड फायरिंग होने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। आनन-फानन घायल को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया, यहां हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन हालत चिंताजनक होने पर घायल को इलाहाबाद रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से दो खोखे मिले। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने हमलावरों के घर पर दबिश दी, लेकिन वहां पर कोई नहीं मिला।
मानधाता थाना क्षेत्र के मल्हूपुर निवासी अख्तर उर्फ ऐनुल हसन (35) पुत्र मुहीजउद्दीन का पड़ोसियों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दो दिन पहले भी पड़ोसियों से जमीन को लेकर तकरार हुई थी। बुधवार दोपहर अख्तर विवादित जमीन पर मवेशी बांधने के लिए खूंटा गाड़ रहे थे। इसका पड़ोसियों ने विरोध किया। अख्तर ने उनकी बातों को अनसुना कर दिया। कुछ देर बाद पड़ोसी के घर पर मऊआइमा, रामपुर बंतरी और मलखानपुर से दो दर्जन रिश्तेदार पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो असलहों से लैस लोगों ने खूंटा उखाड़ दिया। यह देख अख्तर विरोध करने लगा। इस पर लाठी-डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी गई। शोरशराबा सुनकर गांव के लोग दौड़ पड़े। इसके बाद हमलावर फायरिंग करने लगे। उनके चंगुल से बचकर अख्तर भागने लगा तो उसे गोली मार दी। गोली सिर में लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो और जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। बहन रुखसाना (25) पत्नी कलामउद्दीन को भी जमकर पीटा। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में सनसनी फैल गई। करीब दस राउंड फायरिंग करने के बाद हमलावर बाइक लेकर भाग निकले। गोली लगने से घायल अख्तर को मानधाता सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। यहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। एसओ मानधाता ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन कोई नहीं मिला। घटनास्थल से दो खोखे बरामद हुए हैं।
इनसेट--------
दो दिन पहले पुलिस ने किया था दोनों पक्षों का चालान
मानधाता के मल्हूपुर में भूमि विवाद को लेकर दो दिन पहले अख्तर व उसके पड़ोसी से विवाद हुआ था। सोमवार को हुए विवाद में दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए थे। उनके बीच लाठी-डंडे के साथ ही असलहे भी निकल आए थे। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। बाद में उनका शांति भंग की आशंका में चालान किया गया।
इनसेट------
फायरिंग से सहमे ग्रामीण
भूमि विवाद में रिश्तेदार की मदद करने के लिए मल्हुपर आने वाले युवक हथियारों से लैस थे। दोपहर में अचानक अख्तर के घर पर धावा बोला और फायरिंग करने लगे। गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव में सनसनी फैल गई।