फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सराफ की हत्या में पांच संदिग्धों को उठाया

विज्ञापन
विज्ञापन
सराफ की हत्या में पांच संदिग्धों को उठाया
विज्ञापन

एसटीएफ भी पहुंची, रोककर मारी थी गोली, मौके पर चप्पल छोडक़र भागा था एक बदमाश
स्थानीय बदमाशों की करतूत मान रही पुलिस, बदमाशों ने पट्टी में बाइक खड़ी करने के लिए किया था विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
पट्टी। आभूषण कारोबारी की हत्या में पुलिस ने पांच संदिग्धों को उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। बदमाशों ने आभूषण कारोबारी को रोककर गोली मारी थी। मौके से एक बदमाश की चप्पल बरामद हुई है। जांच के बाद पुलिस घटना में स्थानीय बदमाशों के शामिल होने का शक जता रही है। बदमाशों का पट्टी कस्बे में बाइक खड़ी करने को लेकर कुछ लोगों से विवाद भी हुआ था।
पट्टी कस्बा निवासी सराफ गंगा प्रसाद सोनी की हत्या के बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप मचा रहा। एसपी एस आनंद के बाद आईजी मोहित अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। छानबीन के बाद स्वॉट टीम व पट्टी पुलिस ने मिलकर 5 संदिग्ध बदमाशों को उठा लिया। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। उनसे पूछताछ में पुलिस को कुछ क्लू मिले हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो स्थानीय बदमाशों ने ही घटना को अंजाम दिया है। पहले आभूषण कारोबारी को रोककर बातचीत की, फिर बदमाशों ने उसके सीने में गोली मार दी। बुलेट दोनों फेफड़े को डैमेज करते हुए बायीं ओर से निकल गई थी। मौके पर एक बदमाश की चप्पल भी पड़ी हुई थी। बदमाश सराफ की बाइक खड़ी करने के बाद डिग्गी तोडक़र जेवरात से भरा थैला और रुपये लूटकर भाग निकले थे। बाइक सवार दो बदमाश पट्टी कस्बा आकर रुके थे। वह रायपुर रोड पर अपनी बाइक एक घर के सामने खड़ी करने लगे। जब लोगों ने मना किया तो धमकाते हुए कहा कि अभी गोली मारकर आ रहे हैं। तुम्हे भी जरूरत हो तो बताओ। यह सुनते ही लोग पीछे हट गए और दूसरे लोगों को बुलाने लगे। तभी एक कार आकर रुक गई। कार सवार लोगों का इशरा मिलते ही बदमाश बाइक लेकर आगे बढ़ गए। एसपी एस आनंद ने बताया कि बदमाशों की तलाश में पांच टीमें गठित की गई हैं। अभी तहरीर नहीं मिली है। एसटीएफ प्रयागराज के सीओ नावेंदु सिंह की टीम भी देर रात बदमाशों की तलाश में प्रतापगढ़ पहुंच गए।
विज्ञापन

इनसेट-------
एएसपी पूर्वी से हुई व्यापारियों की तीखी झड़प
जिला अस्पताल के मर्चरी में जुटे व्यापारियों के बवाल की खबर मिलने पर पट्टी से एएसपी पूर्वी अवनीश मिश्र भागकर पहुंचे। यहां एएसपी को देखते हुए कुछ व्यापारी नाराजगी जताते हुए पुलिस को कोसने लगे। एएसपी पूर्वी ने सभी को समझाने का प्रयास किया तो लोग उलझने लगे। इस दौरान व्यापारियों और एएसपी पूर्वी के बीच तीखी झड़प हुई। यह देख वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी एकत्र होने लगे। जिसके बाद वरिष्ठ व्यापारियों ने सभी को समझाबुझाकर शांत कराया।
इनसेट------
आईजी को झेलना पड़ा आक्रोश, पूछा-कब होगा बदमाशों का इनकाउंटर
जिला अस्पताल पहुंचे आईजी मोहित अग्रवाल के सामने भी व्यापारी आक्रोश में थे। आईजी से बातचीत के दौरान व्यापारियों ने कहा कि कब तक जिले के व्यापारी मरते रहेंगे। रंगदारी देने के लिए व्यापारी की धमकी सहते रहेंगे। अमरगढ़ के बच्चा सेठ घर छोडक़र जाने वाले थे। कब तक पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा का बंदोबस्त कर सकेगी। बदमाशों का इनकाउंटर कब होगा। जिले की पुलिसिंग पूरी तरह से फेल है। पुलिस छोटी घटनाओं का मुकदमा तक नहीं लिखती। एएसपी पूर्वी की भी आईजी से शिकायत की। आईजी ने सभी को समझाते हुए बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इनसेट-----
पापा उठो, हम आ गए हैं...
पट्टी कस्बा निवासी गंगा प्रसाद सोनी वैवाहिक कार्यक्रम के चलते पत्नी वर्षा, बेटे आदित्य और बेटी वैष्णवी को शनिवार के दिन ससुराल पहुंचाकर घर लौटे थे। शादी में वह भी शामिल होने जाते। गंगा को भी ससुराल के लोग रोक रहे थे, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। पति की हत्या की खबर मिलते ही सोमवार की रात वर्षा बच्चों को साथ लेकर घर पहुंची। रात में शव घर पहुंचते ही वह बिलख पड़ी। बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। बेटा आदित्य अपने पिता का चेहरा देखने के बाद लिपट गया। बोला, पापा उठो, हम आ गए हैं। अब कभी ननिहाल नहीं जाएंगे। यह सुनते ही सबकी आंखों से आंसू निकलने लगे। भाई व परिवार के अन्य लोग भी गंगा प्रसाद की हत्या से सदमे में दिखे।
इनसेट-----
बंद रहे पट्टी तहसील के बाजार
आभूषण कारोबारी गंगा प्रसाद सोनी की हत्या से इलाके के व्यापारी आक्रोशित थे। मंगलवार को दीवानगंज, करैला बाजार, रेड़ीगारापुर, पृथ्वीगंज बाजार, मुजाही बाजार और सदहा बाजार में दुकानें बंद कर व्यापारी पट्टी पहुंचे थे। इन बाजारों से आए व्यापारी राकेश कुमार वैश्य, त्रिलोकीनाथ सोनी, नन्हेलाल, रामतीरथ, रमाकांत, लालता प्रसाद, राजेश गुप्ता, रामखेलापन वर्मा, महेश, घनश्याम, राजकुमार, देवी प्रसाद में घटना को लेकर भारी आक्रोश था। दूसरी ओर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल शीतलागंज के पदाधिकारी राजकुमार जायसवाल, विनोद जायसवाल, लालता प्रसाद सोनी समेत अन्य लोगों ने आथक मदद व सुरक्षा की मांग उठाई।
इनसेट-----
पैदल तय करना पड़ा सफर
पट्टी बाजार में जाम के चलते राहगीरों को पैदल ही निकलना पड़ा। उड़ैयाडीह बाईपास नाले के पुल पर आक्रोशित लोगों ने बैरियर लगा दिया था। कुछ स्थानों पर मेज, बेंच लगाकर जाम लगाया था। जिसके चलते सवारी वाहनों को दूर ही रोक दिया जा रहा था। उसमें सवार लोग पैदल ही इस तरफ से दूसरी ओर निकलते रहे।
लगातार होती रही व्यापारियों की हत्या
0 19 जून 2015 को अजीत नगर निवासी महादेव केसरवानी को बदमाशों ने घर में घुसकर गोली मारी
0 सितंबर 2017 में नगर कोतवाली के छैवा पुल के पास बद्री प्रसाद सर्राफ की गोली मारकर हत्या
0 फरवरी 2018 में बीज विक्रेता रमजान की रानीगंज के बभनमई के पास गोली मारकर हत्या
0 27 जुलाई 2018 को बदमाशों ने कोंहड़ौर बाजार में रंगदारी न देने पर सगे व्यापारी भाई श्यामसुंदर और श्याममूरत की गोली मारकर हत्या
0 23 जनवरी 2019 की रात मार्बल व्यापारी राजेश सिंह की सदर बाजार में दुकान में घुसकर गोली मारकर हत्या
0 24 जनवरी 2019 को कार सवार बदमाशों ने व्यापारी ताडक़नाथ तिवारी को अगवाकर मौत के घाट उतारा
0 17 अप्रैल 2019 को लालगंज के कमोरा में सब्जी विक्रेता सतीश की गोली मारकर हत्या
0 10 मई 2019 की रात अंतू थाना क्षेत्र के शुकुलपुर में बदमाशों ने ढाबा संचालक चंदन सिंह की गोली मारकर हत्या की
0 13 2019 मई को पट्टी कोतवाली कस्बा निवासी आभूषण व्यापारी गंगाप्रसाद सोनी की गोली मारकर हत्या
फोटो-
पुलिस ने कराई किरकिरी, जेवरात खोजने के लिए खुदवा डाला घर
लूट की घटना को अंजाम देकर भागे बदमाशों को खोजने के बजाए आभूषण खोजती रही स्वॉट टीम
पूजास्थल को भी खुदवाया, तोडफ़ोड़ के बाद भी स्वाट के हाथ नहीं लगा जेवरात
अमर उजाला ब्यूरो
मदाफरपुर। मातहतों की करतूत से पुलिस अफसरों को शर्मसार होना पड़ता है। ऐसा ही स्वाट टीम का एक कारनामा सामने आया है। आभूषण कारोबारी की हत्या व लूट के बाद स्वॉट टीम ने जेवरात खोजने के लिए कोहड़ौर के एक घर में दबिश दी। पूजास्थल से लेकर कुछ स्थानों को खुदवा डाला। बाक्स तोड़ डाले, फिर भी जेवरात नहीं मिले। खाली हाथ पुलिस लौट आई। इसके पीछे स्वॉट टीम के तांत्रिक मुखबिर का हाथ रहा। जिसकी चर्चा जोरशोर से चल रही है।
विज्ञापन

कुंडा में जुआरियों को पकडने व छोडने के बाद पुलिस विभाग की किरकिरी कराने वाली स्वॉट टीम ने सोमवार की रात भी एक और कारनामा कर दिया। सूत्रों की मानें तो तांत्रिक मुखबिर की सूचना स्वॉट टीम प्रभारी ने दलबल के साथ कोहड़ौर थाना क्षेत्र के सरायरजई में गया प्रसाद गुप्ता के घर दबिश दी। पूजास्थल से लेकर घर के कई हिस्से में खुदाई कराई। बाक्स तोड़ डाले। आलमारी के कपड़े भी फैला दिए, लेकिन जेवरात नहीं मिला। जबकि सराफ की हत्या के बाद बदमाशों की तलाश में पुलिस अधीक्षक से लेकर कई थाने की पुलिस पसीना बहा रही थी। स्वॉट टीम के पसीना बहाने के बाद भी हाथ खाली रहा। इस घटना से लोगों में आक्रोश है। वहीं स्वॉट टीम की करतूत से अफसर भी दंग हैं। एएसपी पूर्वी ने बताया कि हो सकता है कोई इनपुट स्वॉट टीम को मिला रहा हो। इसलिए छापेमारी की थी। पूछताछ की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें