उदयपुर। शाम को मोबाइल फोन रिचार्ज कराने घर से निकला एकवृद्ध साइकिल समेत पानी से भरे खड्ड में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। रातभर शव पानी में पड़ा रहा। सुबह लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मौत की वजह परिजन बीमारी बता रहे हैं।
उदयपुर थाना क्षेत्र के पूरेगुलाल राकी निवासी रामबली यादव (65) रविवार की शाम करीब छह बजे परिजनों से रेहुआ लालगंज बाजार में मोबाइल रिचार्ज कराने जाने की बात कह कर साइकिल से निकला था। रास्ते में पूरेदीन तिवारी गांव के समीप वह साइकिल समेत पानी से भरे खड्ड में गिर गया। पानी में दम घुटने से मौत हो गई। शव रात भर पानी में पड़ा रहा। वहीं रातभर वृद्ध घर नहीं लौटा तो सोमवार सुबह परिजन उसकी तलाश करने लगे। इस बीच किसी ने बताया कि रामबली का शव पानी में पड़ा है। यह सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। कु छ देर बाद उदयपुर पुलिस भी पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना कि मौत की वजह साफ करने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं परिजनों का कहना है कि वृद्ध को मिर्गी की बीमारी थी, जिसके चलते वह अक्सर पानी देखकर अचेत हो जाया करता था। वृद्ध के तीन पुत्र हैं जो रोजी रोटी के सिलसिले में गैर जनपद में रहते हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है, लेकिन एहतियातन पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।