लखनऊ में छिपाई जेल सिपाही व सपा नेता के भाई की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल
हसनमुल्ला को रिमांड पर लेगी पुलिस, पूछताछ के बाद जान पाल की हत्या में पांच आरोपी बने
कोतवाली पुलिस को खालिद की तलाश, दो पहले से ही जेल में हैं निरुद्ध
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। एसटीएफ के हत्थे चढ़े पचास हजार के इनामी हसनमुल्ला ने जेल के प्रधान बंदीरक्षक और सपा नेता के भाई की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल में लखनऊ में छिपा रखी है। नगर कोतवाली समेत जिले की अन्य घटनाओं की जानकारी व घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद करने के लिए पुलिस हसनमुल्ला को रिमांड पर लेगी।
जेल के प्रधान बंदीरक्षक हरिनारायण त्रिवेदी व सपा नेता मनीष पाल के भाई आशीष पाल उर्फ जान की हत्या के मामले में फरार चल रहे पचास हजार के इनामी हसनमुल्ला निवासी आजाद नगर को दबोचने के बाद हत्या का राज सामने आ सका। नगर कोतवाल ने बताया कि सपा नेता के भाई जान पाल की हत्या कराने वाला खालिद उसका दोस्त था। जान पाल की हत्या में खालिद के साथ साजिश करने वालों में दूसरे लोगों के भी शामिल होने की आशंका है। इस मामले में रुबान और अशरफ पहले से ही जेल में बंद हैं। हसनमुल्ला की गिरफ्तारी के बाद अभी खालिद और अशकार की तलाश की जा रही है। घटना को अंजाम देने के लिए हसनमुल्ला ने जिस पिस्टल का प्रयोग किया था, उसे लखनऊ में छिपा रखा है। जिसकी बरामदगी के लिए पुलिस हसनमुल्ला को कोर्ट की अनुमति के बाद रिमांड पर लेगी। ताकि घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद हो सके। प्रधान बंदीरक्षक की हत्या में फरार चल रहे तौकीर समेत अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इनसेट
पुलिस ने भेजा जेल
जेल के प्रधानबंदी रक्षक हरिनारायण त्रिवेदी व सपा नेता के भाई आशीष पाल की गोली मारकर हत्या करने समेत अन्य मामलों के आरोपी हसनमुल्ला को तमंचे के साथ एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। रविवार को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
इनसेट-------
नेता के करीबी की हत्या की चल रही थी साजिश
हसनमुल्ला को गिरफ्त में लेने वाली एसटीएफ को पूछताछ में कई अहम राज मिले हैं। सदर चौराहे के करीब रहने वाले एक नेता के करीबी की हत्या की साजिश भी चल रही थी। जिले के बाहर रहने वाले कुछ लोग नेता के करीबी का काम तमाम करने के लिए हसनमुल्ला से बात कर रहे थे। हालांकि बात अभी तक फाइनल नहीं हुई थी। एसटीएफ ऐसे लोगों की तलाश कर रही है।
बकाया रुपये मांगने पर पीटा, दुकान में तोड़फोड़
प्रतापगढ़। बकाया रुपये मांगने पर पड़ोसियों ने दुकानदार को मारापीटा और दुकान में तोड़फोड़ की। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नगर कोतवाली के गायघाट रामराम चौराहा निवासी राम औतार ने घर के बाहर किराने की दुकान खोल रखी है। उसका आरोप है कि रविवार की सुबह पड़ोसी सामान लेेने आया। उसने उससे बकाया रुपये मांग लिए। बस इसी बात को लेकर वह अपने परिवार के लोगों के साथ उस पर हमला बोल दिया। बीच-बचाव को दौड़े परिवार के सुनील, साधना व कमलेश को मारपीट कर घायल कर दिया। दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही सामान व रुपये उठा ले गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर दी है।