जीआईसी के करीब निर्माणाधीन अस्पताल से दस किलो तार चुराकर भाग रहे चोर को ठेकेदार के गुर्गों ने पिलर में रस्सी से बांध कर धुनाई की। सूचना के आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची उसे कोतवाली ले गई। पुलिस उससे पूछताछ करने के बाद साथियों की तलाश कर रही है। निर्माणाधीन महिला अस्पताल से रविवार दोपहर एक युवक दस किलो तार चुराकर साइकिल पर लादकर स्टेट बैंक की ओर जा रहा था। रास्ते में एक मजदूर मिल गया और उससे पूछ-ताछ करने लगा। शक होने पर वह उसे निर्माणाधीन अस्पताल ले गया जहां से सरिया, कुर्सी चोरी हो चुकी थी।
इस पर चोरी के आरोपी युवक आमिर पुत्र इश्तियाक निवासी अचलपुर को पिलर से बांधकर लोगों ने पीटना शुरू कर दिया। ठेकेदार के गुर्गों के साथ ही मजदूरों ने भी चोरी के आरोपी युवक को जमकर धुना। सूचना पर करीब आधे घंटे विलंब से पुलिस पहुंची और बांधे गए चोरी के आरोपी को अपने साथ ले गई। पूछताछ में उसने बताया कि बेगमवार्ड के दो लोगों के साथ मिलकर वह चोरियां करता है। निर्माणाधीन अस्पताल से सरिया व कुर्सी चुराने की बात मानी। प्रभारी कोतवाल संजय शर्मा ने बताया कि चोरी के आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है। अभी तक ठेकेदार के लोगों ने तहरीर नही दी है।
चोरी के आरोपी को दबोचा
दो दिन पहले भंगवाचुंगी पुलिस चौकी के करीब आटो पार्ट्स की दुकान में चोरी हुई थी। मामले की शिकायत दुकानदार ने पुलिस से की थी। रविवार को लोगों ने सामान चुराने वाले चोर को धर दबोचा। उसके मकान से चोरी का सामान भी मिल गया। लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।