मामा के घर जा रहे एक छात्र से सांगीपुर इलाके में तमंचे के बल पर दबंगाें ने दस हजार रूपए लूट लिया। सूचना पर जांच के लिए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लूट के आरोपियाें को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने मारपीट का मामला बताते हुए लूट की घटना होने से इंकार किया है।
सांगीपुर थाना क्षेत्र बरेंद निवासी शिवम यादव पुत्र रामबरन यादव लालगंज के खजुरी तिरकुनिया में अपनी ननिहाल में रहकर कक्षा 11 में पढ़ता है। बुधवार को वह बाइक से खजुरी जा रहा था। सांगीपुर के रंगौली गांव के समीप वह बाइक खड़ी कर हैंडपंप पर पानी पीने लगा। आरोप है कि पीछे से दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे और तमंचा सटाकर उसकी नकदी छीनने लगे। छात्र ने विरोध किया तो बाइक सवार बदमाशाें ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और दस हजार नकदी जबरन लूट कर भाग निकले। बदमाशाें के जाने के बाद युवक ने सौ नंबर पर फोन कर पुलिस को लूट की सूचना दी। लूट की वारदात की सूचना पर पुलिस हांफती हुई मौके पर पहुंची। लेकिन मौके पर बदमाशाें का कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित ने सांगीपुर थाने में पहुंचकर लूट की तहरीर दी है। इस बावत एसओ का कहना है कि लूट की जानकारी मिली थी। जांच की गई तो मारपीट का मामला निकला है। आरोपी दबंग किस्म के हैं उनको हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।