गुरुवार की रात शौच के लिए खेत की ओर गई किशोरी को बदमाशों ने दबोच लिया। शोर मचाने पर तमंचा सटाकर बाइक पर बैठाकर फरार हो गए। देर रात तक किशोरी लौटकर घर नहीं आई तो परिजन परेशान हो गए। खोजबीन के बाद जब कुछ पता नहीं चला तो पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की।
रानीगंज थाना क्षेत्र के संडिला गांव निवासी लालजी पटेल की बेटी आशा (16) गुरुवार की रात घर के बगल शौच के लिए गई थी। परिजनों का आरोप है कि घात लगा कर बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उसे दबोच लिया। वह शोर मचाने लगी तो उसे तमंचा सटकर जान से मारने की धमकी देने लगे।
इससे डरकर वह चुप हो गई। बदमाशों ने जबरन उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया और लेकर फरार हो गए। देर रात तक जब आशा लौटकर घर नहीं आई तो परिजन परेशान हो गए। खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो शुक्रवार की सुबह रानीगंज पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की। लालजी का आरोप है कि पड़ोसी गांव के एक युवक ने तमंचे के बल पर उसका अपहरण किया है।