रानीगंज कस्बा स्थित बीओबी बैंक शाखा के स्ट्रांग रूम में शनिवार को दो शराबी घुस आए। वहां मौजूद शाखा प्रबंधक से बहस करने के बाद हंगामा करने लगे। बाहर निकाला जाने लगा तो मारपीट और गालीगलौज शुरू कर दी। देर से पहुंची पुलिस ने शराबी युवकों को हिरासत में ले लिया।
बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा रानीगंज कस्बे में स्थित है। शनिवार को शाखा प्रबंधक बीएन मेहता स्ट्रांग रूम में किसी काम से गए हुए थे। इसी बीच दो शराबी युवक बैंक परिसर में पहुंचकर हंगामा करने लगे। कुछ ही देर बाद वह स्ट्रांग रूम में भी दाखिल हो गए। यह देख शाखा प्रबंधक ने नाराजगी जताई और उन्हें बाहर जाने के लिए कहा। इस पर शराबी युवक उनसे भिड़ गए और गाली गलौज करने लगे। बैंक परिसर में मौजूद लोगों के साथ ही कर्मचारी दोनों को खींचकर बाहर लाए। इसके बाद भी उनका हंगामा शांत नहीं हुआ। लोगों ने तत्काल रानीगंज थाने में सूचना दी, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी पुलिस बैंक नहीं पहुंची और शराबियों का हंगामा लगातार जारी रहा।
जिससे बैंक कार्य में घंटों ठप रहा। खास बात यह है कि रानीगंज थाना बैंक से महज 200 मीटर की दूरी पर है। वहीं मजे की बात यह है कि घंटों पर बाद देर से पहुंची पुलिस भी बैंक के अंदर जाने की हिमाकत नहीं कर सकी। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि पुलिस इस डर से अंदर नहीं जा रही थी कि कहीं बदमाश के हाथ में हथियार हुआ तो उन पर वार न कर दें। साथ ही वह पुलिस कुछ दिन पहले रानीगंज में सिपाही की हत्या को लेकर भयभीत होने की वजह से अंदर नहीं जा सके। बैंक के बाहर मौजूद दरोगा जी ने होमगार्डों को शराबियों को गिरफ्तार कर लाने के लिए आदेश दिया। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है।