पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय के निर्देश पर रविवार को क्राइम ब्रांच टीम ने महेशगंज थाना क्षेत्र के राजापुर बिंधन गांव में देशी शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए शराब कारोबारी समेत चार लोगों को धर दबोचा। मौके पर से 150 पेटी देशी शराब समेत अन्य उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस गैंग से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
क्राइम ब्रांच के स्वाट टीम प्रभारी अतिम पांडेय ने रविवार को महेशगंज थाना क्षेत्र के राजापुर बिंधन गांव में शराब कारोबारी के ठिकाने पर छापा मारा। जहां अवैध शराब की फैक्ट्री चल रही थी। पुलिस को देख काम कर रहे लोग भागने लगे। पुलिस ने शराब कारोबारी समेत तीन लोगों को धर दबोचा। मौके से दो सौ पेटी से अधिक देशी शराब, उपकरण, खाली शीशी, रैपर, पैकिंग की मशीन, ड्रम समेत अन्य सामान बरामद कर लिया। इस कार्रवाई की भनक तक महेशगंज पुलिस को नहीं लग सकी। बाद में सूचना के बाद महेशगंज पुलिस के साथ ही आबकारी विभाग की टीम राजापुर बिंधन गांव पहुंची। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस अधीक्षक के आदेश पर गोपनीय सूचना के बाद यह कार्रवाई की गई थी। इस बाबत स्वाट टीम प्रभारी से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी। पुलिस की कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।