पट्टी कोतवाली के अलग-अलग गांवों में जमीन की रंजिश को लेकर लाठी डंडा, ईंट-पत्थर समेत अन्य हथियार चलने से दो दर्जन से अधिक लोग घायल होकर सीएचसी पहुंचे। जिनमें से परसंडा गांव के दो लोगों को गंभीर होने के कारण रेफर किया गया है।
क्षेत्र के परसंडा गांव निवासी सितई व अच्छेलाल के बीच रास्ते का पुराना विवाद है। जिसको लेकर सुबह ही दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। जमकर मारपीट में एक पक्ष के सितई, सर्वजीत, सतई, हरिकेश, अनुराग, अंकित, जगदेई, राजू, प्रमिला, आकाश, मंजू व अनुराधा को गंभीर चोटें आईं। इधर दूसरे पक्ष के अच्छेलाल, सुरेश कुमार, रमेश व दिनेश भी चोटिल हो गए। पुलिस ने मेडिकल के बाद दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज की। इनमें सतई व अच्छेलाल की हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। इधर डेर्डडीह धौरहरा में आबादी की जमीन पर घूर लगाने के विरोध पर दो पक्षों में ईट पत्थर चल गए।
इस हादसे में प्रमिला पत्नी बाबूराम, राजेन्द्र, दूसरे पक्ष की दामिनी, पूजा, सुरेश को भी चोटें आई हैं। तहरीर पर दोनों पक्षों के राजेन्द्र व सुरेश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसी तरह पूरे निरंजन गांव निवासी गुड्डी पत्नी राम जवाहर को जमीन के विवाद में हीरालाल व उनके दामाद विनोद निवासी संडवा ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता ने इस मामले में पुलिस से तहरीर देकर फरियाद की है। इसी तरह कांधरपुर के चौकीदार की बेटी आरती को पड़ोसी राहुल, सोनी, जमुना व अंबिका ने जमीन के विवाद में पीटा, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। औराइन गांव निवासी मैसरी बानो को बकरी चराते समय गांव के शौकत खां ने पुरानी रंजिश में मारापीटा और महिला का आरोप है कि उसके कपड़े भी फाड़ दिए। पीड़िता ने इस मामले की तहरीर पुलिस को दी है।