अंतू थाना क्षेत्र के पारा हमीदपुर गांव के करीब रेलवे ट्रैक पर एक युवक की लाश मिली। जानकारी पर परिजन हत्या की आशंका जताने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने तहरीर नहीं दी। घरवालों के मुताबिक करीब दो माह पहले दिवंगत का कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था।
अंतू थाना क्षेत्र के जमादार का पुरवा निवासी शिवशंकर पांडेय (20) पुत्र माता प्रसाद पांडेय की जगेशरगंज रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर पारा हमीदपुर गांव के करीब रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत लाश मिली। जौनपुर-रायबरेली पैसेंजर गुजरने के बाद लोगों ने रेलवे लाइन पर शव देखा। जानकारी मिलने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। कुछ ही देर में पुलिस भी पहुंच गई। ग्रामीणों ने उसकी पहचान कर ली और घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी। परिजन भी रोते बिलखते घटनास्थल पहुंचे। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि पड़ोसी गांव के लोगों से करीब दो माह पहले झगड़ा हुआ था। इसके बाद शिवशंकर भयभीत रहता था। परिवार के लोगों की आशंका पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी, लेकिन घटना की बाबत पुलिस को परिजनों ने तहरीर नहीं दी। एसओ अंतू ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस जांच कर रही है।