कोहड़ौर थाना क्षेत्र के पूरे मुसई की रहने वाली दो बच्चों की मां ही निकली पति की कातिल। पति के दोस्त के साथ प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति की हत्या करवा दी। दगाबाज दोस्त ने रात में शराब पिलाने के बाद ईंट से प्रहार कर उसे मार डाला। मंगलवार को इस सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी को जेल भेज दिया।
बता दें कि 14 जनवरी की रात पूरे मुसई निवासी रंजीत की हत्या कर दी गई थी। 15 जनवरी को उसका शव खेत में मिला था। मृतक के चाचा मेवालाल की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी स्वामीनाथ ने बताया कि मृतक के मोबाइल की काल डिटेल निकाली गई। इस बीच ससुराल के लोगों से पता चला कि घटना वाली रात रंजीत व उसके गांव का कमलेश तिवारी पुत्र राघवराम तिवारी साथ ओझला आए थे। रंजीत अपने साढूू रमेश के साथ शराब पीने लगा। आठ बजे के आसपास दोनों वहां से निकले। रात दस बजे रंजीत जागरण में जाने की बात कहकर निकला था। इस बीच रास्ते में मिला कमलेश तिवारी उसे लेकर बड़ी बगिया सरौली चला गया। यहां रंजीत ने फिर उसे शराब पिलाई। इसके बाद ईंट से सिर व गले पर प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया और शव को बगल खेत में फेंक दिया। मीडिया के सामने रंजीत के कातिल दोस्त कमलेश तिवारी ने बताया कि मृतक की पत्नी मालती के साथ उसके साथ 5-6 माह से प्रेम संबंध चल रहा था। उसने अपने पति की हत्या के लिए उकसाया था। बोला था कि नशा करने के बाद रंजीत उसे प्रताड़ित करता है। उसे रास्ते से हटा दे तो वह उसके साथ शादी करके दिल्ली चलेगी। दोस्त की पत्नी के उकसावे पर कमलेश ने रंजीत को मौका मिलते ही मौत के घाट उतार दिया। एसओ कोहड़ौर ने बताया कि मृतक की पत्नी व प्रेमी को जेल भेज दिया गया। हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद कर ली गई है।
पूरे मुसई निवासी कमलेश तिवारी ने अपने दोस्त रंजीत की हत्या करने के बाद उसका मोबाइल ले लिया। रंजीत के मोबाइल से मालती के मोबाइल पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सबकुछ जानने के बाद भी बेरहम बीवी खामोशी की चादर ओढ़े रही। दूसरे दिन शव मिला तो वह रोने का नाटक करने लगी। दूसरे दिन भी मृतक के नंबर से कमलेश ने मालती को फोन किया था। इसके बाद मोबाइल और सिम तोड़कर घर के करीब कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने कुएं से मोबाइल, सिम व हत्यारोपी का मोबाइल व सिम बरामद कर लिया। रंजीत के दो बेटे हैं। बेटे शुभम व आकाश पिता के कत्ल में मां का हाथ होने की बात सुनते ही दंग रह गए। वे पुलिस हिरासत में मां से मिलने के लिए परेशान थे, लेकिन जब पता चला कि मां ने ही पिता का कत्ल कराया है तो मासूम बच्चों ने उससे मुंह मोड़ लिया।