नवतनवा एक्सप्रेस में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने लंबा हाथ मारा। एसी कोच में रात में सो रहे दर्जन भर यात्रियों का लाखों का सामान, नगदी और गहने समेटकर चंपत हो गए। चोरों ने प्रतापगढ़ के नौसेना अधिकारी के परिवार समेत दर्जन भर से अधिक यात्रियों का सामान गायब कर दिया। शुक्रवार सुबह जब यात्रियों का सामान गायब मिला तो हाय-तौबा मच गई। उन्होंने घटना की सूचना प्रतापगढ़ जीआरपी को दी है।
ननहटी, अतरसंड कोहड़ौर जिला प्रतापगढ़ के अकबर खां पुत्र अफजल खां नौसेना में सूबेदार मेजर के पद पर विशाखापत्तनम में तैनात हैं। शनिवार को वह पत्नी और पुत्रियों संग प्रतापगढ़ आ रहे थे। वह दुर्ग से गोरखपुर जाने वाली नवतनवा एक्सप्रेस के एसी कोच टू में सफर कर रहे थे। अकबर ने जीआरपी को बताया कि शुक्रवार को तड़के ट्रेन मानिकपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो देखा कि उनकी दो अटैची गायब हैं। कोच के बाकी यात्रियों को भी पता चला तो हड़कंप मच गया। यह खबर थर्ड एसी में भी पहुंच गई। यात्रियों ने जब अपना सामान देखना शुरू किया तो पता चला कि कइयों की अटैची और बैग गायब हैं। जिन लोगों ने अपने सामान बर्थ की चेन से बांधा था वह भी नहीं बचे। चोरों ने चेन काटकर घटना को अंजाम दिया था। यात्रियों ने फौरन इसकी सूचना मानिकपुर जीआरपी को दी। तब तक ट्रेन चल पड़ी।
इलाहाबाद में भी पुलिस को सूचना दी गई। वहां से कहा गया कि प्रतापगढ़ जीआरपी में इसकी सूचना दें। दोपहर में ट्रेन प्रतापगढ़ पहुंची तो अकबर खां और अन्य यात्रियों ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। इस बारे में एसओ वीके सिंह ने बताया कि उन्होंने मानिकपुर जीआरपी से पता किया तो बताया गया कि वहां पर इसकी रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। घटना कटनी और सतना के बीच की बताई जा रही है। दोनों ही स्टेशन एमपी में आते हैं।