लालगंज। प्रेमी से गांव में मिलने गई युवती को ग्रामीणों ने आपत्तिजनक हालत में दबोच लिया। जमकर पिटाई के बाद प्रेमी युगल को पुलिस के हवाले कर दिया गया। कोतवाली में देर शाम तक पंचायत और समझौते का प्रयास दोनों के परिजन करते रहे।
लालगंज कोतवाली के लालूपुर के युवक का मेढ़ावां गांव की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेम परवान चढ़ा तो सोमवार को प्रेमिका अपने प्रेमी से मिलने उसे गांव लालूपुर पहुंच गई। गांव के कुछ दूर सूनसान जगह पर मिले प्रेेमी युगल बातें करते करते झाड़ियाें के बीच ओझल हो गए। दूर से देख रहे ग्रामीणों को आशंका हुई तो खोजबीन करने लगे। लोग झाड़ियों के पास पहुंचे तो प्रेमी युगल को आपत्तिजनक हालत में देखते ही शोर मचा दिया। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और आपत्तिजनक हालत में दबोच गए प्रेमी युगल को झाड़ियाें से बाहर निकाल कर पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के बाद दोनों पर सवार प्यार का भूत उतर गया तो ग्रामीणाें ने उनको पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस प्रेमी युगल को लेकर कोतवाली लौट आई। दोनों के परिजनों को बुलाया गया जिसके बाद कोतवाली परिसर में पंचायत होने लगी। एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला चलता रहा। देर शाम तक प्रेमी युगल के परिजनों में सुलह समझौते का प्रयास चलता रहा, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। पुलिस के मुताबिक ग्रामीणों ने प्रेमी युगल को आपत्तिजनक हाल में पकड़ा है। उनको कोतवाली लाया गया है लेकिन अभी वह आपस में सुलह समझौते का प्रयास ही कर रहे हैं। तहरीर मिलने पर ही कार्रवाई की जाएगी।