सांगीपुर इलाके में दो घरों से चोरों ने नकदी व लाखों के जेवर उड़ा दिए। पुलिस केस दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है। वहीं लालगंज कोतवाली क्षेत्र में एक घर में भी चोरी हुई। सांगीपुर के देऊम पूरब निवासी अतुल शुक्ल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. राजाराम किसान के पौत्र हैं। मंगलवार को वह परिजनों के साथ बरामदे में सो रहे थे। इस बीच चोर कमरे का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात समेत कीमती कपड़ों से भरा सूटकेस लेकर भाग निकले। सुबह परिजनों ने कमरे का ताला टूटा देखा तो उनके होश उड़ गए। गांव से कुछ दूरी पर खे में खाली सूटकेस चोर फेंककर भाग निकले थे। अतुल के मुताबिक सोने के चार कंगन, झुमका, दो मोबाइल व करीब आठ हजार रुपये चोरी हुआ है। वहीं देऊम पूरब के पूरे भगवानदीन के विजय शुक्ल के घर से भी चोरों ने कमरे का ताला तोड़ा और लोहे का बक्सा लेकर भाग निकले। गांव से कुछ दूरी पर एक खेत में बक्सा तोड़ने के बाद चोर सोने की दो चेन, दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमका व पांच हजार रुपये चोरी कर ले गए। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणाें ने गांव के समीप दो अलग-अलग खेतों में टूटा सूटकेस व बक्सा तथा बिखरे सामान देखे तो उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों की सूचना पर सांगीपुर एसओ गया प्रसाद शुक्ल मौके पर पहुंचे और चोरों की तलाश शुरू कर दी। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि घटना के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं लालगंज कोतवाली के पारसनाथ शुक्ला, मिश्राइनपुर ग्राम पंचायत के प्रधान हैं। इनके भाई तुंगनाथ शुक्ला का कानपुर में कारोबार है। इसके चलते घर में ताला बंद कर परिजनाें के साथ कानपुर में रहते हैं। हर सप्ताह वह घर व खेतों की देखभाल के लिए यहां आते रहते हैं। मंगलवार रात करीब 8 बजे तुंगनाथ मिश्राइनपुर अपने घर पहुंचे और कमरे का ताला खोला तो उनके पैराें तले जमीन खिसक गई। बताया जाता है कि आलमारी व बक्सों का ताला टूटा मिला। उनके मुताबिक चोर आलमारी से करीब 20 हजार रुपये, सोने की दो-दो अंगूठी व चेन, एक म्यूजिक सिस्टम आदि चोर उठा ले गए। चोरी गए सामानों की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी होने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।