किशुनगंज बाजार में रंगदारी नहीं देने पर बुधवार शाम किराना व्यापारी को पीटकर मार डालने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं तनाव को देखते हुए बाजार में पुलिस तैनात किया गया है। गुरुवार देर रात पुलिस की मौजूदगी में व्यापारी के शव का अंतिम संस्कार हुआ।
कंधई थाना क्षेत्र के बोझी (किशुनगंज) निवासी किराना व्यापारी दुखीराम मौर्य की बुधवार शाम सौ रुपये रंगदारी न देने के चलते बटखरे व लात-घूसों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कंधई पुलिस ने अशोक सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह, कुुट्टे सिंह निवासी गंगेहटी, बृजेश सिंह पुत्र मान सिंह निवासी कंधई मधुपुर और वारीकला निवासी शराब की दुकान के सेल्समैन प्रकाश सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो रोना-पिटना बच गया। पुलिस अधीक्षक ने बवाल की आशंका को देखते हुए बाजार में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया। देर शाम पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में दुखीराम मौर्य के शव का अंतिम संस्कार किया गया। गुरुवार रात पुलिस ने दबिश दी। शुक्रवार को चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। वहीं घटना को लेकर बाजार में अब भी तनाव है।