मानधाता थाना क्षेत्र के उड़ीडीह के प्रधान से भदोही के कुछ लोगों ने करीब एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने एक नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
उड़ीडीह के प्रधान अनिल प्रताप सिंह का आरोप है कि वह एक अगस्त को कुछ काम के सिलसिले में शहर आए थे। इसके बाद वह बाइक से अपने घर जा रहे थे। नगर कोतवाली क्षेत्र के खजोहरी गांव के नहर पुलिया के पास चार लोग खड़े थे। उन लोगों ने उसकी बाइक रोक ली। बाइक रुकते ही उन लोगों ने तमंचा सटा दिया और एक लाख रुपये रंगदारी मांगी। बोले कि रुपये नहीं मिले तो जान से मार दिया जाएगा। इस बीच कुछ लोगों को आता देख सभी धमकी देते भाग निकले।
इसके बाद प्रधान बाइक से घर चला गया। धमकी से भयभीत प्रधान ने परिवार के लोगों को घटना से अवगत कराया। मंगलवार देर शाम प्रधान ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। बुधवार को पुलिस ने जांच के बाद भदोही के रहने वाले विनोद सिंह कालिया व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। नगर कोतवाल हरिपाल सिंह यादव ने बताया कि रंगदारी के लिए प्रधान को धमकी देने की बात सामने आई है। केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।