नवाबगंज थाना क्षेत्र के कंधेरूवा गांव में चोरों ने राज खुलने के डर से एक वृद्ध महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। चोर महिला के गले से सोने की चेन निकाल रहे थे। तभी उसकी नींद खुल गई। इससे घबराए चोरों ने उसकी जान ले ली। सुबह घटना की जानकारी होने पर सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के बेटे की तहरीर पर चोरी और हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कंधेरूवा गांव निवासी पूना देवी (80) पत्नी पुरई घर के बाहर सोती थी। वह गले में चांदी की चेन और नाक में सोने की कील पहनती थी। शाम को वह खाना खाकर सोने गई। सुबह वह देर तक नहीं उठी। इस पर परिजन उसे जगाने के लिए गए। देखा तो वह मृत पड़ी थी। इस पर घर में कोहराम मच गया। उसके गले पर बने निशान और चेहरे पर खरोंच देख घरवालों को शंका हुई।
गले से चेन और नाक की कील गायब थी। इस पर पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। मृतका के बेटे बंशीलाल की तरफ से अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी व हत्या की तहरीर नवाबगंज थाने में दी गई। तहरीर में आशंका व्यक्त की गई है कि चोरों को वृद्धा ने पहचान लिया था। पहचान खुलने के डर से उन्होंने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस बारे में एसओ का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास का ही कोई व्यक्ति आभूषण उतार रहा था। पहचाने जाने पर उसने हत्या कर दी।