नगर कोतवाली के कादीपुर पुल के पास टेंपो सवार आधा दर्जन बदमाशों ने रविवार की रात बाइक सवार मोटर मकैनिक को रोक लिया। मकैनिक को तमंचा सटाकर उसके पास रहे नकदी और बाइक व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की है।
कंधई थाना क्षेत्र के सिधारी पट्टी (बारघाट) निवासी नंद लाल सरोज कार मकैनिक है। वह नगर कोतवाली के पितई का पुरवा में दुकान खोल रखा है। रविवार की रात दुकान बंद करके पल्सर बाइक से घर जा रहा था। कादीपुर पुल के पास आधा दर्जन की संख्या में टेंपो सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता कि एक बदमाश ने उसे तमंचा सटा दिया। जबरन उसके जेब में रहे चार हजार नकदी व मोबाइल के साथ पल्सर बाइक को छीनकर दिलीपपुर की ओर भाग निकले। पीड़ित ने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से डायल 100 पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए उसे लेकर कोतवाली पहुंच गई। लिखित शिकायती पत्र लेकर उसे घर भेज दिया।