ट्रेनों में वारदात कर रहे बदमाशों पर लगाम लगाने में रेल पुलिस नाकाम साबित हो रही है। शुक्रवार की रात गौरीगंज के पास हरिद्वार एक्सप्रेस में एक महिला का पर्स छीनकर बदमाश चलती ट्रेन से कूद गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानी जाए तो बदमाश को पकड़ने के लिए पहले महिला फिर उसका पति भी ट्रेन से कूद गया। बदमाश को पकड़ने के चक्कर में दंपति घायल हो गए। सूचना पर जीआरपी ने ट्रेन में छूटे पीड़ित के बैग के साथ अन्य सामान को उतारकर थाने पर रख दिया। उनके आने के बाद सामान सौंप दिया। जीआरपी घटना से ही इनकार कर रही है।
चित्रकूट जनपद के कर्वी थाना क्षेत्र के कोठलाही निवासी अशोक कुमार पटेल पत्नी शोभा देवी के साथ रुड़की गया था। इलाहाबाद आने के लिए दोनों लक्सर स्टेशन पर हरिद्वार एक्सप्रेस में सवार हुए। ट्रेन में सवार प्रत्यक्षदर्शियों की मानी जाए तो ट्रेन गौरीगंज रेलवे स्टेशन के करीब पहुंची तो उसकी रफ्तार धीमी हो गई। तभी शोभा के बगल बैठा एक बदमाश उसका पर्स छीनकर गेट की तरफ भागा। शोर मचाने पर वह चलती ट्रेन से कूद गया। उसे दबोचने के चक्कर में शोभा और उसका पति भी ट्रेन से कूद गया। उनका कूछ सामान ट्रेन में ही छूट गया। बदमाश तो पकड़ा नहीं जा सका, लेकिन दंपति को चोटें आ गईं। किसी ने इसकी जानकारी जीआरपी को दी। ट्रेन प्रतापगढ़ पहुंची तो जीआरपी के सिपाहियों ने दंपति का सामान उतार कर रख लिया। उनके आने के बाद सामान लौटा दिया गया। इस बारे में जीआरपी ने लूट की घटना से ही इनकार कर दिया।