डेरवा (प्रतापगढ़)। महेशगंज थाना क्षेत्र के धोनू का पुरवा गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार रात एक युवक को चोर समझकर पीट-पीटकर मार डाला। बुधवार को परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब घंटे भर चले प्रदर्शन के बाद एसडीएम और सीओ के कार्रवाई के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ। मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात लोगों पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
महेशगंज थाना क्षेत्र के धोनू का पुरवा गांव में पिछले दिनों लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इससे परेशान ग्रामीण रात में गांव में पहरा दे रहे थे। मंगलवार रात ग्रामीणों ने चार-पांच लोगों को देखा तो शोर मचा दिया। इस पर गांव के लोगों ने उन्हें दौड़ा लिया। इस दौरान एक व्यक्ति आंवले की बाग में गिर गया। पास पहुंचते ही ग्रामीणों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। साथ ही सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल युवक को अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस पर पुलिस शव महेशगंज थाने ले गई और वहां से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार दिन में करीब नौ बजे कुछ लोग थाने पहुंचे और पुलिस के बताए हुए हुलिए के अनुसार मृतक की पहचान भुल्लर (45) पुत्र रामदीन सरोज निवासी भोला का पुरवा बाघराय के रूप में की। बेटे चंद्रभान ने बताया कि भुल्लर के सिर गंभीर चोट लगने से उनका दिमाग ठीक नहीं रहता था। वह मंगलवार को उमरी साधन सहकारी समिति जाने की बात कहकर निकले थे। घटना से नाराज लोगों ने डेरवा बाजार के पास ही रोड पर शव रख जाम लगा दिया। देर शाम एसडीएम कुंडा आरपी वर्मा ने पांच लाख दुर्घटना बीमा, प्रधान से मिलकर आश्रित को दो बीघे जमीन आवंटन व रात तक गिरफ्तारी का आश्वासन दे जाम खत्म कराया।