सगरासुंदरपुर। आधी रात महिलाओं से छेड़छाड़ व मारपीट का विरोध करने पर आधा दर्जन दबंगों ने अंधाधुंध हवाई फायरिंग कर दी। ग्रामीणों के खदड़ने पर आरोपी गांव से भाग निकले। भागने के दौरान मौके पर छूटी एक बाइक ग्रामीणों ने तोड़ दी। पुलिस की छानबीन में मौके से खोखे बरामद हुए हैं। फायरिंग की घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने अभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया है।
लालगंज कोतवाली के धौरहरा गांव की दलित बस्ती में रामऔतारसरोज व मैकूलाल के घर की महिलाएं व लड़कियां गर्मी के चलते मंगलवार की रात घर के बाहर चारपाई पर सो रही थीं। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे नशे में धुत गांव के ही आधा दर्जन दबंग तीन बाइक से वहां पहुंच गए। सभी बाहर सो रही महिलाआें व लड़कियाें से छेड़छाड़ करने लगे। आरोपी युवक घर का दरवाजा भी जबरन खोलने को कहने लगे। दरवाजा खोलने से इंकार करने पर दंबगाें ने दोबारा महिलाआें से अभद्रता शुरू कर दी। महिलाएं शोर मचाने लगी तो आसपास के लोग जग गए। ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। खुद को घिरता देख दबंगों ने तमंचा निकाल लिया और हवाई फायरिंग करने लगे। कई राउंड अंधाधुंध फायरिंग से गांव में अफरातफरी मच गई। यह देख ग्रामीणाें ने ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस पर दबंग भागने लगे। हड़बड़ी में एक बाइक मौके पर ही छूट गई।
आक्रोशित ग्रामीणाें ने बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। जानकारी पर सौ नंबर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणाें का गुस्सा देख मौके पर जाने का साहस नहीं जुटा सकी। यह देख लालगंज सीओ व कोतवाल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आए दिन दबंगों की मारपीट, छेड़छाड़ व फायरिंग से लोगों को गांव में रहना मुश्किल हो गया। पुलिस आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने के बजाए उनको संरक्षण देती है। सीओ ने आरोपियों पर कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। जांच के दौरान पुलिस को मौके से खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियाें के घर दबिश दी, लेकिन तब तक वे फरार हो चुके थे। घटना के दूसरे दिन तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था। कोतवाल ने बताया कि बवाल के बाद आरोपियाें की बाइक ग्रामीणाें ने तोड़ी है। फायरिंग के मामले की जांच कराई जा रही है।