नशे में धुत असलहा लेकर कार से साथी के गांव पहुंच प्रधान पुत्र ने आधी रात जमकर हंगामा किया। ग्रामीणाें की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और आरोपी को तमंचा संग कोतवाली ले गई। जबकि साथी मौके से भाग निकला। केस दर्ज कर प्रधान पुत्र को जेल भेज दिया गया है।
लालगंज कोतवाली के भदारी कला गांव में तमंचा लेकर पहुंचे कार सवार युवकाें ने जमकर तांडव मचाया। ग्रामीणों के मुताबिक गांव के ही जय सिंह के साथ रविवार को पड़ोसी गांव इटैला के ग्राम प्रधान अवधेश सिंह का पुत्र अंकुर सिंह कार से पहुंचा। आरोप है कि नशे में धुत प्रधान पुत्र ने साथी के साथ तमंचा लेकर लोगों से गालीगलौज व मारपीट करने लगा। लोगों ने विरोध किया तो फायरिंग करते हुए घराें में घुसकर तोड़फोड़ करने लगा। इस बीच ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो जय सिंह अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला। बताया जाता है कि नशे में धुत अंकुर पुलिस वालों से भी भिड़ गया। लेकिन बाद में पुलिस ने किसी तरह उसका लोड तमंचा छीन कर उसे कोतवाली ले गई। कार में भी दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
घटना को लेकर पुलिस ने ग्रामीणाें से पूछताछ की, लेकिन सहमे ग्रामीणों ने पुलिस से लिखित शिकायत करने से इंकार कर दिया। इस पर कोतवाली के दरोगा सुरेश कुमार मिश्र ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। इसमें प्रधान पुत्र समेत दोनाें युवकाें को नशे में धुत होने और तमंचे से दहशत फैलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेते हुए गिरफ्तार आरोपी अंकुर सिंह को जेल भेज दिया है। कोतवाली का कार्यभार देख रहे दरोगा ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा गया है। फायरिंग व पुलिस ने भिड़ने की बात गलत है।