बाघराय क्षेत्र में प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक प्रेमी को ग्रामीणों ने जमकर धुना। गंभीर रूप से घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाघराय थाना क्षेत्र का एक युवक अपनी रिश्तेदारी में ही एक युवती से प्रेम कर बैठा था। युवती से उसका करीब पांच वर्ष से अफेयर चल रहा था। घायल युवक की मानें तो बुधवार की रात उसे प्रेमिका ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया। रात होने के कारण वह नहीं गया मगर गुरुवार भोर करीब चार बजे वह प्रेमिका के घर पहुंच गया। घर से दूर फोन कर युवती को बुलाया। दोनों बातें ही कर रहे थे कि प्रेमिका के गांव के लोगों ने पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने युवती को भगा दिया। उसके बाद युवक को बेरहमी से पीटा। बेहोश होने के बाद उसे खेत में छोड़कर लोग चले गए। इसकी जानकारी जब प्रेमिका के परिजनों को लगी तो वे युवक के पास पहुंचे और उसे स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराने के साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दी। खबर मिलने पर पहुंचे परिजन युवक की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसओ इस तरह की घटना से अनभिज्ञता जता रहे हैं।