कोतवाली क्षेत्र के बेसार गांव में मेन गेट का ताला तोड़कर घर के भीतर घुसे चोरों ने मकान खंगाल लिया। इस दौरान चोर छह हजार नगदी समेत लाखों के जेवरात समेट ले गए। घटना की तहरीर गृहस्वामी ने पुलिस को दी है। पुलिस मौके पर जांच के पश्चात वापस लौट आई।
बेसार गांव निवासी राम शिरोमणि का परिवार बाहर सो रहा था। मुख्य द्वार पर ताला डाल दिया था। चोर रात में ताला तोड़कर मकान के भीतर घुस गए। इस दौरान मकान के भीतर के सारे कमरों को खंगाल लिया। अटैची व बाक्स उठा ले गए। सुबह भोर में जब महिलाएं उठीं तो ताला टूटा देखकर हलाकान हो गईं। घर में घुसीं तो सब कुछ अस्त-व्यस्त पाकर सूचना गृहस्वामी को दिया। पीड़ित राम शिरोमणि ने कोतवाली आकर घटना की तहरीर दी तो पुलिस मौके पर जांच को गई।
इधर क्षेत्र के कलियनापुर गांव में तेज बहादुर वर्मा की भैंस गुरुवार रात चोर खोल ले गए। वाहन पर मवेशी लादने के दौरान स्टेपनी छूट गई थी जिसे लेने के लिए वे लोग दोबारा लौटे। लेकिन तब तक ग्रामीण जाग चुके थे। लोगों ने दौड़ाया मगर चोर भाग निकले। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई है।