क्राइम ब्रांच पुलिस बताकर शातिरों ने युवक से चार लाख रुपये ठग लिए। ठगी का शिकार होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
अंतू थाना क्षेत्र के खैरा गौरबारी समदा के रहने वाले राजेंद्र तिवारी ने बताया कि 9 सितंबर 2023 को उनके मोबाइल पर शिव कुमारी और राहुल शर्मा ने यूट्यूबर अधिकारी बनकर फोन किया। आरोप है कि उनका एडिट किया हुआ फर्जी वीडियो मोबाइल पर भेज दिया।
वीडियो के आधार पर जेल भेजने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिए। इसके बाद आरएस पठानिया नाम के व्यक्ति ने खुद को क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर बताकर फोन किया।
यशराज कस्तूरी, पूजा मौर्य, धीरज कुमार और पूजा जायसवाल ने भी कई बार क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर फोन किया। युवक से चार लाख रुपये अलग-अलग खाते में भेजने के लिए कहा। जालसाजों के झांसे में आकर युवक ने रुपये खाते में ट्रांसफर कर दिए।
पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।