फलमंडी गेट के समीप घर में कोरोना महामारी से बचने को ईश्वर से दुआ करते लोग।
- फोटो : pratapgarh
लॉकडाउन के बाद भी मस्जिदों में नमाज पढ़ने की तैयारी करने वालों को शुक्रवार को उस समय झटका लगा, जब भारी संख्या में फोर्स पहुंच गई। दिनभर फोर्स मस्जिद की ओर आने-जाने वालों से पूछताछ करती रही।
सोशल डिस्टेंसिंग को मेनटेन करने के लिए शासन ने मस्जिदों में नमाज पर रोक लगा दी है। इधर, रानीगंज स्थित नरसिंहगढ़ में बाहर से आए तीन लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर जिले भर की मस्जिदों में जांच अभियान चलाया गया।
कोरोना महामारी से बचाव के लिए देश भर में 21 दिन का लॉकडाउन घोषित है। ऐसे में शुक्रवार को मस्जिदों में होने वाली नमाज पर पाबंदी लगा दी गई है। चोरी-छिपे मस्जिदों में एकत्रित होकर नमाज पढ़ने की तैयारी करने वालों को उस समय झटका लगा, जब दोपहर में भारी संख्या में फोर्स पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने मस्जिद के अंदर घुसकर मौजूद लोगों को बाहर निकाला और घरों में नमाज पढ़ने को कहा।
पुलिस की सख्ती देखकर मस्जिद की तरफ आने वाले किनारा काटकर निकल जा रहे थे। इधर पैदल आने वालों से भी पुलिस पूछताछ करती रही। पुलिस दोपहर में उस समय और सक्रिय हो गई, जब जिला अस्पताल में क्वारंटाइन किए गए तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। यह तीनों लोग रानीगंज स्थित नरसिंहगढ़ की मस्जिद में मिले थे।
पुलिस ने जिलेभर की मस्जिदों में जांच अभियान चलाकर बाहर से आने वालों का डाटा एकत्रित करती रही। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को दंडित किया जा रहा है।