केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से दसवीं व बारहवीं की परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों में असमंजस की स्थिति है। लॉकडाउन के चलते अभी तक कोई निर्णय न होने से परीक्षार्थी चिंतित हैं। परीक्षार्थियों को बाकी विषयों की परीक्षा की नई तिथि का इंतजार है।
जिले में न्यू एंजिल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आत्रेय एकेडमी, डाल्फिन पब्लिक स्कूल, नागेश दत्त पब्लिक स्कूल, एटीएल स्कूल, संगल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, जमुना मालती गुरुकुलम, बीडीएसके किशुनगंज, ब्रांस इंटरनेशनल करीब 20 विद्यालय केेंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध हैं।
इसमें सीबीएसई 10वीं बोर्ड व 12वीं बोर्ड के लिए कुल 6 हजार से अधिक परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की 20 फरवरी व 12वीं की परीक्षा 24 फरवरी को शुरू हुई थी।
24 मार्च को दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं संपन्न होनी थीं। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते शासन ने 19 मार्च से सभी स्कूल व कॉलेजों को बंद करने का निर्देश दिया।
परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया। पहले चरण में 22 मार्च से 14 अप्रैल तक लॉकडाउन था। इस दौरान हाईस्कूल की मुख्य परीक्षा संपन्न हो चुकी थी। सिर्फ वैकल्पिक परीक्षा बाकी थी। जबकि 12वीं की हिंदी, कंप्यूटर साइंस व बिजनेस स्टडीज विषय की परीक्षा नहीं हो सकी थी। लॉकडाउन समाप्त होने के बाद ही परीक्षा की नई तिथि जारी होती।
परीक्षार्थियों को उम्मीद थी कि 14 अप्रैल के बाद परीक्षा की नई तिथि जारी होगी, मगर उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। अब लॉकडाउन की तिथि 3 मई तक बढ़ा दी गई है।
ऐसे में परीक्षार्थी परीक्षा को लेकर चिंतित है। उन्हें नई तिथि का इंतजार है। नागेश दत्त पब्लिक स्कूल की प्रबंधक सुनीता मिश्रा ने बताया कि परीक्षा की नई तिथि का इंतजार है।