जिले के एक और कोरोना संदिग्ध की प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत हो गई। चार दिन पहले वह मुंबई से आया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकाें ने प्रयागराज रेफर कर दिया था।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के सलाहपुर गांव का एक 52 वर्षीय व्यक्ति मुंबई में रहता था। बीते 9 मई को वह गांव आया। इस बीच उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। मंगलवार को परिजन उसे लेकर पट्टी सीएचसी पहुंचे।
चिकित्सकों ने हालत नाजुक बताकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात उसे ज्यादा तकलीफ होने पर जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। एसआरएन में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सीएचसी अधीक्षक महेंद्र ने बताया कि वह लीवर की बीमारी से पीड़ित था। उसे इलाज के लिए रेफर किया गया था। प्रयागराज में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसका सैंपल नहीं लिया जा सका था। मौत की सूचना पर एहतियात के तौर पर उसके परिजनों को होम क्वारंटीन किया गया है।