प्रतापगढ़। कोरोना महामारी की रफ्तार अब कम होने लगी है। कई दिनों बाद किसी भी संक्रमित की मौत नहीं हुई। जिले में 24 घंटे के भीतर केवल 44 लोग ही संक्रमित मिले। संक्रमित मिलने वाले मरीजों से ज्यादा स्वस्थ होकर घर भी चले गए।
जिले में कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण की गिरफ्त में आने वाले लोगों की लगातार मौत होती रही। बुधवार को 24 घंटे के भीतर महज 44 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड के मुताबिक दो दिनों में संक्रमण से एक भी मौत नहीं हुई। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 15390 पहुंच गई है। इनमें 14156 लोग स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं। इनमें से 142 लोग को तो बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने स्वस्थ घोषित किया है। एलटू में 21 मरीजों को भर्ती कर चिकित्सक जहां इलाज कर रहे हैं वहीं 897 मरीज होम आइसोलेशन में है।
पिछले दिनों हर दिन तीन से पांच लोगों की जान जा रही थी। मगर मौजूदा समय में स्थिति सामान्य हो रही है। हालांकि अभी भी लोगों को मॉस्क लगाकर चलना होगा। दो गज की दूरी बनाए रखनी होगी। सीएमओ ने कहा कि अधेड़ और बुजुर्गों की जान पर कोरोना का संक्रमण भारी पड़ सकता है। इसलिए 45 प्लस वाले लोग कोरोना टीका जरूर लगवा लें। ताकि महामारी से बच सकें।