कुंडा में लोगों का कोरोना जांच को सेम्पल लेते कर्मचारी।
- फोटो : PRATAPGARH
कोरोना से ग्रसित होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार को हुई 192 लोगों की जांच में 17 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें कुंडा प्रमुख के परिवार के चार लोग और सीएचसी के चार स्वास्थ्य कर्मचारी भी शामिल हैं। सभी को होम आइसोलेट किया गया है।
सीएचसी कुंडा की एक टीम ने मोती का पुरवा, बानेमऊ व डीहा गांव में 46 लोगों का सैंपल लिया। इसमें डीहा गांव निवासी प्रमुख कुंडा की दो भाभी, एक भतीजा और एक बहू की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। उधर, दूसरी टीम ने महिला अस्पताल में 50 लोगों की सैंपलिंग की। जांच के दौरान आठ लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसमें कुंडा सीएचसी के ही तीन सुपरवाइजर और एक फार्मासिस्ट की पाजिटिव रिपोर्ट भी शामिल है।
तीनों सुपरवाइजर फील्ड में जाकर कोरोना की जांच के साथ ही इससे संबंधित अन्य कार्य करते थे। इसके साथ ही फार्मासिस्ट भी कोरोना से संबंधित कार्य देख रहे थे। इन चारों की रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद सीएचसी कुंडा की ओपीडी बिल्डिंग को शुक्रवार और शनिवार के लिए सील कर दिया गया है। अधीक्षक डा.दिनेश सिंह का कहना है कि अगर जरूरी काम न हो तो लोग दो दिन अस्पताल न आएं।
उधर, महेशगंज सीएचसी में 46 लोगों की सैंपलिंग हुई। इसमें से एक युवक की रिपोर्ट पाजिटिव आई। इसी तरह से बाघराय सीएचसी अधीक्षक डा. सबीब हैदर की अगुवाई में स्वास्थ्य टीम ने शकरदहा गांव में रैपिड एंटीजन किट से 50 लोगों की जांच की। इसमें चार लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। सभी को होम आइसोलेट किया गया है।