खंभे पर चढ़कर एचटी लाइन ठीक करते समय शनिवार सुबह करीब 11 बजे करंट की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन की मौके पर ही मौत हो गई। नाराज परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर ट्रॉमा सेंटर में करीब चार घंटे तक हंगामा किया।
लालगंज के रामपुर बावली विद्युत उपकेंद्र में संतोष कौशल (45) संविदा लाइनमैन थे। शनिवार सुबह बबुरी सराय जानमती में बिजली का खंभा टूटने की जानकारी मिलने पर वह मरम्मत के लिए पहुंचे थे। खंभे पर चढ़कर काम करने के दौरान वह अचानक आई बिजली की चपेट में आ गए।
आसपास के लोगों ने उनको लालगंज ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने लाइनमैन की मौत की पुष्टि की। घटना की जानकारी पर पत्नी अंबिका, बेटा कृष्णा और बेटियां शालू, शीतल, खुशी व अनमोल ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। परिजनों ने विभाग से उचित मुआवजा देने के साथ ही पत्नी को नौकरी देने की मांग उठाई।
सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी कि परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया। करीब चार घंटे तक हंगामा चलता रहा। इसी बीच फोन पर बातचीत में एसडीओ आशुतोष कुमार ने हरसंभव विभागीय मदद का भरोसा दिया। इसके बाद भी परिवार के लोग मुआवजे की बात पर अड़े रहे।
काफी मशक्कत और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि घरवालों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
शव लेकर पावर हाउस जाने लगे परिजन, पुलिस ने रोका
संविदा लाइनमैन की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश बढ़ गया। पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले आक्रोशित परिजन शव लेकर ट्रॉमा सेंटर से लालगंज पावर हाउस जाने लगे। जानकारी होते ही पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। पुलिस के काफी देर तक समझाने के बाद परिजन शव लेकर ट्रॉमा सेंटर लौटे। इस दौरान लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा।
घरवाले बोले शटडाउन लिया था, विभाग कर रहा इन्कार
शटडाउन को लेकर हादसे के बाद परिजनों और बिजली विभाग के अफसरों में खींचतान चलती रही। पत्नी का आरोप है कि उनके पति शटडाउन लेकर बिजली के खंभे की मरम्मत कर रहे थे। लापरवाही बरतते हुए आपूर्ति बहाल कर दी गई। वहीं, एसडीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि लाइनमैन बिना किसी पूर्व सूचना और शटडाउन के ही खंभे पर चढ़कर मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
मृतक संतोष कौशल। फाइल फोटो