परिवहन निगम को वर्कशाॅप के लिए भले ही जमीन मिल गई है, मगर पैमाइश के चक्कर में अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। जिस कारण बसें रोडवेज बस अड्डे के सामने मुख्य मार्ग पर खड़ी हो रही हैं। बसों के सड़क पर खड़े होने से दिनभर जाम लगा रहता है।
रोडवेज एआरएम ए अहमद ने बताया कि प्रतापगढ़ डिपो में वर्कशाप नहीं है। इससे बसों की मरम्मत में दिक्कत होती है। लगातार पत्राचार के बाद दस माह पहले वर्कशॉप निर्माण के लिए राजस्व विभाग ने सात एकड़ भूमि चिह्नित कर निगम के नाम पर खतौनी में दर्ज करा दिया। नाप के दौरान पता चला कि भूमि पांच एकड़ ही है। इससे वर्कशाॅप निर्माण अब तक नहीं हो सका।
डिपो परिसर में बसों की मरम्मत का कार्य वर्कशाॅप के कर्मचारी कर रहे हैं। जगह कम पड़ने के कारण कुछ चालक बस को रोड पर खड़ा कर यात्रियों को बैठाने लगते हैं। इससे जाम लग जाता है। यदि सगरा मुर्गी फार्म के पास जमीन खाली हो जाए तो वर्कशाॅप का निर्माण शुरू हो। जिससे जाम की स्थित नहीं बनेगी।
वर्कशाॅप के लिए चिह्नित भूमि की जल्द ही नाप कराई जाएगी। नए साल में वर्कशाॅप का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन को पत्र भेजा गया है।
रवींद्र सिंह, आरएम।