रानीगंज तहसील क्षेत्र के संसारपुर में औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। अब स्वरोजगार शुरू करने के लिए उद्यमियों को प्लॉट आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। औद्योगिक क्षेत्र स्थापना के लिए करीब पांच साल पहले 17 हेक्टेयर भूमि संसारपुर में चिह्नित की गई थी।
निवेशकों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए औद्योगिक क्षेत्र में चहारदीवारी, नाली, सड़क आदि का निर्माण शुरू किया गया। करीब दो माह पहले निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। सूक्ष्म लघु उद्यम निर्यात प्रोत्साहन विभाग से अनुमति मिलने के बाद संसारपुर को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने 23.12 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
निर्माण इकाई के सहायक अभियंता अर्पित मिश्र ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर को उद्यम एवं प्रोत्साहन विभाग को हैंडओवर किया जाएगा। हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उद्यमियों से प्लॉट आवंटित कराने के लिए आवेदन मांगे जाएंगे। आवेदन के सत्यापन के बाद भूखंड उद्यमियों को आवंटित कर दिया जाएगा।